होली पर नहीं चलेगा हुड़दंग, रंग में भंग डालने वालों को दून पुलिस की चेतावनी!

0
1

देहरादून।होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने चेतावनी दी कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग या अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे लोगों को सीधे जेल भेजा जाएगा। होली के सुरक्षा के मद्देनजर पूरे देहरादून जिले को तीन सुपर जोन, आठ जोन और 21 सेक्टर व 53 सब सेक्टर में बांटा गया है।

देहरादून एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्र में सर्वधर्म के संभ्रान्त व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों के साथ पीस कमेटी की बैठक करें, साथ ही उन सभी से पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और पर्व के दौरान हुड़दंग व अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराए।

सुरक्षा के मद्देनजर से सम्पूर्ण जनपद को तीन सुपर जोन, आठ जोन, 21 सेक्टर और 53 सब सेक्टर में बांटा गया है। सुपर जोन में अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी, जोन में क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी, सेक्टर में सम्बन्धित थाना प्रभारी और सब सेक्टर में उपनिरीक्षक रैंक के अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है, साथ ही सभी क्षेत्रों में मोबाइल पार्टी में स्टेटिक फोर्स को तैनात किया गया है, जिनके द्वारा नियमित रूप से भ्रमणशील रहकर पर्व के दौरान प्रत्येक घटनाक्रम पर सतर्क नजर रखते हुए सुरक्षा और शान्ति व्यवस्था की जायेगी, साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी भी सूचना पर जल्द रिस्पांस के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पीसीआर को तैनात किया गया है।

पुलिस ने सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर भी लगातार सतर्क नजर रखते हुए 24 x7 मॉनिटरिंग की जा रही है। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों, विवादित पोस्टों आदि के माध्यम से वैमनस्यता फैलाते हुए धार्मिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जायेगी, साथ ही जनपद के अलग-अलग स्थान पर आयोजित होने वाले होलिका दहन के कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने सभी आयोजकों से वार्ता करते हुए उन्हें निर्धारित स्थानों पर ही कार्यक्रम आयोजित करने और किसी नई परम्परा के शुरूवात न करने के निर्देश दिए गए है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने आमजन से अपील है कि खुशियों के इस पावन पर्व को अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाये, लेकिन इस बात का भी ध्यान रखें कि आपकी वजह से किसी अन्य को असुविधाओं का सामना न करना पड़े।

Enews24x7 Team

Comments are closed.