डबल मर्डर से दहला उत्तराखंड, प्रेम प्रसंग के शक में भाई ने की पड़ोसी की हत्या, बहन को भी उतारा मौत के घाट

रुड़की।झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक युवक ने पड़ोस में रहने वाले युवक और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में ले लिया है। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस के अनुसार झबरेड़ी कलां गांव निवासी अमन को अपनी बहन रूपा के पड़ोस में रहने वाले मुन्ना उर्फ सूरज से प्रेम प्रसंग को लेकर शक था। बताया गया है कि करीब एक वर्ष पहले भी इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था। पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा विवाद शनिवार सुबह एक बार फिर भड़क गया।
शनिवार सुबह मुन्ना अपने घर में लेटा हुआ था। इसी दौरान अमन तमंचा लेकर वहां पहुंचा और मुन्ना को गोली मार दी। गोली लगने से मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, उसकी मौत हो चुकी थी। वारदात के बाद आरोपित वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा और अपनी बहन रूपा को भी गोली मार दी।
गोली लगने से रूपा गंभीर रूप से घायल हो गई। रूपा को हायर सेंटर रेफर किया गया है। जहां उसकी मौत हो गई। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है।








