
उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड।उत्तर प्रदेश के अमरोहा में हरियाणा की 23 साल की युवती से फार्म हाउस में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और CRPF के दो जवानों पर है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिस फार्म हाउस में घटना हुई, वह उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा का बताया जा रहा है।
उत्तराखंड के नेता के फार्म हाउस पर हुई घटना
पुलिस के मुताबिक घटना बीती 22 सितंबर की रात फार्म हाउस की है। मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सोरम निवासी मोहित सीआरपीएफ की पांचवीं बटालियन दिल्ली में हेड कांस्टेबल है। पीड़िता और मोहित पहले से परिचित थे। दोनों की मुलाकात सोनीपत में हुई थी। मोहित का परिचित अलवर जिले के बहरोल थाना क्षेत्र के हातनखेड़ा गांव निवासी लालाराम सीआरपीएफ की 156वीं बटालियन न्यू बोंगाईगांव असम में इंस्पेक्टर है।
22 सितंबर को मेरठ से अमरोहा पहुंच थी पीड़िता
22 सितंबर को पीड़िता, मोहित और लालाराम सोनीपत से मेरठ होते हुए हसनपुर पहुंचे थे। यहां पहुंचने पर उनकी मुलाकात मोहित के परिचित बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के सूप गांव के रहने वाले उपनिरीक्षक संजय तोमर से हुई। संजय तोमर हसनपुर थाने में तैनात है। इसके बाद महिला समेत सभी लोग क्षेत्र के गांव झुलपुरी स्थित एक फार्म हाउस पहुंचे और वहां दो कमरे किराये पर लिए। कुछ देर बाद मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा मस्तान का रहने वाला मुख्य आरक्षी प्रमोद भी फार्म हाउस पर पहुंचा। प्रमोद वर्तमान में पुलिस लाइन अमरोहा में तैनात है। महिला ने तहरीर में आरोप लगाया कि फार्म हाउस में चारों आरोपियों ने उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
युवती की तहरीर पर एफआईआर दर्ज
अपने साथ हुई इस घटना से सकते में आ गई युवती ने पुलिस से पूरे मामले की शिकायत की। हसनपुर पुलिस ने युवती की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी संजय तोमर, प्रमोद, लालाराम और मोहित को गिरफ्तार कर लिया। एसपी लखन सिंह यादव ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दरोगा संजय तोमर और प्रमोद को सस्पेंड कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना जिस फार्म हाउस में हुई, वह हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में झुलपुरी (रझोहा) गांव के पास स्थित है। यह फार्म हाउस हरिद्वार जिले के खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा का बताया जा रहा है। इसे ‘डीडी ब्रदर्स फार्महाउस’ के नाम से भी जाना जाता है। वर्ष 2022 में यहां चोरी की घटना के बाद भी यह फार्म हाउस चर्चा में आया था।








