टिहरी केतन हत्याकांड में बड़ा मोड़, मृतक और दोस्त पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज

टिहरी।उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल प्रतापनगर क्षेत्र के चर्चित केतन लाल हत्याकांड में अब एक नया और अहम मोड़ सामने आ गया है। इस मामले में मृतक केतन लाल और उसके दोस्त दिवाकर डिमरी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश पर किए गए किशोरी के मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने और उसकी मां की तहरीर पर की गई है। मामले की जांच अधिकारी उपनिरीक्षक हेमलता का कहना है कि जांच तेज कर दी गई है। अग्रिम विवेचना के आधार पर आरोपित की गिरफ्तारी भी की जा सकती है। सात जून के टिहरी जिले में अनुसूचित जाति के केतन लाल की सवर्ण जाति की किशोरी से दोस्ती के कारण पीटकर हत्या का मामला सामने आया था।
दिवाकर डिमरी ने फोन कर घर बुलाया था
आरोप है कि किशोरी के स्वजन ने केतन और उसके दोस्त दिवाकर डिमरी को फोन कर घर बुलाया था। इस मामले में लंबगांव थाने में हत्या, एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर किशोरी के पिता, दादा सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी
इस मामले में किशोरी की मां ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। थानाध्यक्ष डीपी काला ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर किशोरी का मेडिकल परीक्षण करवाया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। सीओ टिहरी चंद्रमोहन सिंह उन्होंने कहा कि मां की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पॉक्सो व दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।








