बनभूलपुरा हिंसा में महिला कांस्टेबल को बचाने वाले परिवार को धमकी, जांच में जुटी पुलिस

0
1

हल्द्वानी।फरवरी माह में बनभूलपुरा में हुए दंगे के दौरान एक महिला कांस्टेबल को बचाने वाले परिवार को अब कुछ लोग धमका रहे हैं। परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। आरोप है कि महिला कांस्टेबल को बचाए जाने की वजह से उसके पड़ोस के कुछ लोग नाराज चल रहे हैं।

बनभूलपुरा क्षेत्र में नई बस्ती ठोकर निवासी मेहरीन पत्नी आबिद अहमद ने पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी नितिन लोहनी से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि बीती 8 फरवरी को बनभूलपुरा में हुए हिंसा के दौरान कुछ लोग एक महिला पुलिस कांस्टेबल के साथ मारपीट पर उतारू थे। उन्होंने अपने घर में उस कांस्टेबल को छिपाकर उसकी जान बचाई थी। इस घटना की सराहना भी हुई थी, लेकिन यह बात पड़ोस के कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है।

मेहरीन का आरोप है कि वो लोग आए दिन मेहरीन और उसके परिवार के लोगों को परेशान करते है। पड़ोस में रहने वाला एक परिवार उन्हें गालियां तक देता है। मेहरीन का कहना है कि आरोपी धमकी देते हैं कि तुम लोगों ने पुलिस वालों को बचाकर अच्छा नहीं किया, इसलिए तुम लोगों को मार देना चाहिए।

मेहरीन के पति आबिद ने बताया कि उनकी एक बेटी के साथ भी मारपीट की गई। उनके मोहल्ले में कुछ लोगों चाहते हैं कि वह घर छोड़कर चले जाएं। कहा कि कुछ लोग उस घटना को सांप्रदायिक रंग देना चाहते हैं। जिससे शहर का माहौल खराब हो सके। पूरे मामले में सीओ सिटी नितिन लोहनी ने जांच का आदेश दिए हैं। पीड़ित परिवार की तहरीर पर बनभूलपुरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Enews24x7 Team

Comments are closed.