उत्तराखंड: घास लेने गई महिला पर गिरा पत्थर, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

थराली।चमोली जिले में चारा पत्ती लेने जंगल गई गैरबारम गांव की एक महिला की पत्थर गिरने से दुर्घटना में मौत हो गई है।
थराली पुलिस उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह नेगी के मुताबिक, थराली के गैरबारम गांव की कमला देवी पत्नी कुंदन सिंह (उम्र 52 वर्ष) चारा पत्ती लेने के लिए जंगल गई थी। तभी ऊपर से एक बोल्डर आ गिरा। जो सीधे कमला देवी पर जा लगा। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
इसके बाद ग्रामीण तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लाए। जहां डॉक्टरों ने जांच पड़ताल के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजन बिलख उठे। बताया जा रहा है कि कमला देवी जूनियर हाईस्कूल में भोजनमाता थी। वहीं, महिला की मौत पर गैरबारम गांव में मातम पसर गया है।







