
हरिद्वार।उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से बड़ी खबर सामने आई है। हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सर्वानंद घाट के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह सर्वानंद घाट के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा पाया गया। शव की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले। इसलिए हत्या की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका पता चल पाएगा।
पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना स्थल पर किसी गाड़ी के टायर के निशान भी मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। उसके कपड़ों और जूतों को देखकर पुलिस को उसके अच्छे परिवार से होने की संभावना भी लग रही है।
मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








