देहरादून की सुद्धोवाला जेल के 12 कैदी मिले HIV पॉजिटिव, एक्टिव हुआ प्रशासन

देहरादून। राजधान दून स्थित सुधारवाला जेल में स्वास्थ्य विभाग और जेल प्रशासन के बीच एक बड़ा मामला सामने आया है। हालिया चिकित्सकीय जांचों में 12 कैदियों के HIV पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इनमें ज्यादातर हाल ही में जेल में आए नए कैदी हैं।
जानकारी के मुताबिक सुद्धोवाला जेल में वर्तमान में करीब 900 कैदी हैं। इन कैदियों को 32 बैरकों में रखा जाता है। इस हिसाब से एक बैरक में 25 से 30 कैदी रह रहे हैं। कुल कैदियों में से जो कैदी एचआईवी पॉजिटिव हैं। उनका एआरटी सेंटर में उपचार चल रहा है। जेल डॉक्टर के अनुसार एचआईवी पॉजिटिव कैदियों को जेल मैनुअल का अनुपालन करते हुए रखा जा रहा है। इसके तहत उन कैदियों को अन्य कैदियों के साथ तो रखा जा रहा है, लेकिन उन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उनके खाने-पीने समेत तमाम गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। इसके अलावा इन कैदियों के बाल और नाखून काटने की किटों को अलग किया गया है। जेल प्रशासन की ओर से यह निर्णय एचआईवी संक्रमण की रोकथाम के लिए लिया गया है। चिकित्सक के मुताबिक एचआईपी पीड़ित कैदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
दोगुनी की जा रही बैरकों की संख्या
सुद्धोवाला जेल में इस समय सिर्फ 32 बैरक ही हैं। लिहाजा कैदियों की संख्या काफी अधिक है। कई कैदियों के एक साथ रहने से एचआईवी संक्रमण का खतरा और अधिक बढ़ सकता है। इसको ध्यान में रखते हुए बैरिक की संख्या दो गुनी की जा रही है। इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक दो महीने के अंदर ही बैरकों का निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।
एचआईवी पॉजिटिव कैदियों को दी जा रही विशेष डाइट
जेल डॉक्टर के अनुसार जो कैदी एचआईवी से पीड़ित हैं उन्हें विशेष डाइट दी जा रही है। उनके रुटीन खान-पान में अंडा, दूध, दही, फल और सब्जियों को शामिल किया गया है। उनको यह डाइट चिकित्सकीय सलाह पर दी जा रही है। इतना ही नहीं इन कैदियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए नियमित व्यायाम समेत कई शारीरिक गतिविधियां कराई जा रहीं हैं।
जिन कैदियों को एचआईवी है उनका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उनका नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के साथ ही उनकी हर तरह से चिकित्सकीय देखभाल की जा रही है। इसके रोकथाम के प्रयास भी किए जा रहे हैं।








