
देहरादून। ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को लेकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा। घटना वाले होटल में लोगों ने तोड़फोड़ कर विरोध जताया। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ होटल प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है।
वहीं, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम भी सक्रिय हुईं हैं। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की और घटना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार को न्याय दिलाने और सुरक्षा का भरोसा दिया. महिला आयोग की अध्यक्ष ने मामले को गंभीर बताते हुए पीड़िता के परिजनों को आश्वस्त किया कि प्रकरण में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जाएगा।
उधर, घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश बना हुआ है। स्थानीय लोगों की मांग है कि नाबालिग के साथ हुई घटना में शामिल आरोपियों के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ होटल प्रबंधन की भूमिका समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पीड़िता की पहचान से जुड़ी किसी भी जानकारी को सार्वजनिक न करने की भी पुलिस ने अपील की है। पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में न लें, तोड़ फोड़ जैसी घटनाओं से माहौल खराब होता है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़िता और आरोपी के बीच संपर्क सोशल मीडिया ऐप के जरिए हुआ था। आरोपी बाहरी क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं, पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है। संभावित ठिकानों और जानकारों के यहां पुलिस दबिश दे रही है।
दरअसल, यह घटना दो दिन पहले 30 अगस्त को सामने आई थी। 16 वर्षीय छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि आरोपी से उसकी मुलाकात सोशल मीडिया ऐप के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने उसे होटल बुलाया था, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ऋषिकेश से बाहर का रहने वाला है।








