अलकनंदा नदी में गिरी बोलेरो, चालक लापता, सर्च ऑपरेशन जारी

चमोली।उत्तराखंड के चमोली में बोलेरो अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गई। इस हादसे के बाद से ड्राइवर लापता है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में चालक अकेला सवार था। हादसा रविवार रात हुआ, जब वाहन गौचर से बिजराकोट लौट रहा था। वाहन चालक की पहचान राकेश सिंह, निवासी बिजराकोट के रूप में हुई है। घटना के बाद से चालक की तलाश जारी है। वहीं मौके पर घोलतीर पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और डीडीआरएफ की टीमें खोज एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
बिजराकोट के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कुलदीप सिंह ने बताया कि रविवार रात दुर्घटना के बाद गौचर पुलिस मौके पर पहुंची थी तथा रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, लेकिन अत्यधिक अंधेरा होने के कारण अभियान में कठिनाई आई और चालक का पता नहीं चल पाया। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह से एक बार फिर संयुक्त टीमों द्वारा सर्च अभियान शुरू किया गया है और तलाश जारी है।








