उत्तराखंड चारधाम यात्रा ने रचा नया कीर्तिमान, 25 दिनों में 12.60 लाख श्रद्धालु पहुंचे

देहरादून।चारधाम यात्रा नया रिकॉर्ड बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। यात्रा में अब तक 12.60 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बता दें केदारनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। 22 दिनों में ही 5 लाख 23 हजार से अधिक तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र की यात्रा होने से प्रदेश सरकार यहां मौसम के मिजाज पर भी पूरी नजर रखे हुए है।
19 अप्रैल को हुआ था चारधाम यात्रा का श्रीगणेश
बता दें यात्रा का श्रीगणेश 19 अप्रैल को हुआ था। 13 मई तक 12 लाख 60 हजार से अधिक श्रद्धालु चारधाम दर्शन कर चुके हैं। इनमें केदारनाथ में 5,23,582, बदरीनाथ धाम में 3,24,081, गंगोत्री धाम में 2,05,425 और यमुनोत्री धाम में 2,07,390 तीर्थयात्री पहुंचे हैं। आज चारों धामों में 80 हजार 401 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
केदारनाथ धाम पहुंच रहे सबसे अधिक श्रद्धालु
बताते चलें केदारनाथ धाम में सबसे ज्यादा 32,423 तीर्थयात्री पहुंचे। जबकि बदरीनाथ धाम में 21,260, यमुनोत्री धाम में 13,403 और गंगोत्री धाम में 13,315 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। केदारनाथ धाम की यात्रा मुश्किल भरी होने के बावजूद यहां श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नया रिकॉर्ड बना रही है।
पुराने आंकड़ों पर डालें नजर
बीते चार सालों (वर्ष 2022 से 2025 तक) के आधिकारिक आंकड़ों पर नजर डालें, तो 69 लाख 45 हजार 487 श्रद्धालु केदारनाथ धाम की यात्रा पर आ चुके हैं। इनमें 2022 में 15,64,248, 2023 में 19,58,863, 2024 में 16,53,581 और 2025 में 17,68,795 तीर्थयात्री पहुंचे हैं।








