उत्तराखंड: जंगली हाथी ने दो लोगों को कुचलकर मार डाला, इलाके में दहशत

0
4

हल्द्वानी।उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है यहाँ टांडा जंगल में हाथियों ने दो व्यक्तियों को कुचलकर मार डाला है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों व्यक्ति इलाके में मौजूद थे, तभी अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया. हाथी ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति, उम्र लगभग 75 वर्ष, निवासी हुंकारखाप, जबड़ा, जिला चतरा, झारखंड के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं और वन विभाग के रेंजर रूप नारायण गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

परिजनों ने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी, साथ ही लोगों से जंगल के आसपास सतर्क रहने और अकेले न जाने की अपील भी की गई है।

Enews24x7 Team

Comments are closed.