उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, अगले दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून।उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया और पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि और अंधड़ ने दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। हालांकि, निचले इलाकों में हल्की बौछारों के बाद पारे में गिरावट दर्ज की गई और भीषण गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और यात्रा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने वहां लगी सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रा मार्ग, संवेदनशील जगहों और मौसम की स्थिति की निगरानी व्यवस्था को परखा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगरानी और सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके। उन्होंने साफ कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इसके लिए 24 घंटे सतर्क रहना जरूरी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। शेष पर्वतीय जनपदों में भी कुछ स्थानों पर वर्षा और गर्जन के साथ बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल सहित उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं तेज गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी दी है। इन जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शेष पर्वतीय क्षेत्रों में भी यलो अलर्ट के तहत गर्जन, बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।








