उत्तराखंड: पुजारी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, जानिए क्यों किया था मर्डर

लक्सर।उत्तराखंड के लक्सर क्षेत्र में चार दिन पहले हुए सनसनीखेज मंदिर हत्याकांड का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। अब पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के पीछे की पूरी कहानी सामने रखी है।
पुलिस ने बताया कि बीते 12 अप्रैल को लक्सर कोतवाली क्षेत्र के भोगपुर स्थित मंदिर में केयरटेकर राजवीर निवासी गोधना पुरकाजी मुजफ्फरनगर का खून से लथपथ शव मिला था। इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी थी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। प्राथमिक तौर पर तो पुलिस को कुछ खास नहीं मिला। इसीलिए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पास के एक अन्य मंदिर में चोरी की घटना की भी जानकारी मिली। पुलिस ने इन दोनों घटनाओं को जोड़कर देखा।
पुलिस ने सबसे पहले इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जहां से पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगे। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार किया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम विशाल चौधरी (25) है, जो मूल रूप से यूपी के मेरठ जिले का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विशाल वर्तमान में मुजफ्फरनगर में किराये पर रहता है। वह पेशे से ड्राइवर है और नशे का आदी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 11 अप्रैल की रात वह अपनी मौसी के घर भोगपुर आया था। पैसे की कमी के चलते उसने मंदिर में चोरी की योजना बनाई। देर रात जब वह मंदिर का ताला तोड़ रहा था, तभी वहां सो रहे बुजुर्ग ने उसे पकड़ लिया। इस पर आरोपी ने हथौड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी मंदिर से करीब 200 रुपये और इन्वर्टर चोरी कर ले गया। इसके बाद पास के दूसरे मंदिर से एम्पलीफायर भी चोरी किया। घटना के बाद वह सामान छुपाकर मुजफ्फरनगर भाग गया। 14 अप्रैल को आरोपी चोरी का सामान लेने वापस टांडा भागमल क्षेत्र आया, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।







