उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

रुद्रपुर।जिले के सितारगंज में तेज रफ्तार वाहन ने एक बार फिर तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी मौत के बीच जंग लड़ रहा है। उसे चिकित्सकों द्वारा हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
मृतकों की पहचान सुल्तान (24) पुत्र शरीफ, नाजिम (16) पुत्र शराफत हुसैन और शादाब (26) पुत्र यामीन के रूप में हुई है। वहीं कैफ (15) पुत्र यामीन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि वाहन गुलफाम पुत्र यामीन चला रहा था, जो हादसे में सुरक्षित बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ भूपेंद्र सिंह ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के स्वजनों से घटना की जानकारी ली और बाद में मौके का निरीक्षण किया। सीओ ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही फरार वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गौर हो कि बीते दिनों रुद्रपुर के पंतनगर क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार डंपर ने पार्टी से लौट रहे दोनों व्यक्तियों को टक्कर मारी थी, जिससे मौके पर ही एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे ने हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ा था। हादसा दरऊ चौक के पास हुआ था, जब दोनों व्यक्ति एक पार्टी से वापस अपने घर लौट रहे थे।







