देहरादून: गला घोंटकर हुई थी महिला की हत्या, खुलासा बना पुलिस के लिए चुनौती

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला के जंगल में कट्टे (बोरे) में मिली महिला की लाश का पोस्टमार्टम हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला घोंटने से मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस ने महिला की पहचान के लिए पहले 72 घंटे तक इंतजार किया, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। अब पुलिस के सामने यही सबसे बड़ी चुनौती है कि हत्या किसने की और महिला कौन थी।
35 से 40 साल की उम्र, बाएं हाथ पर टैटू
मांडूवाला में बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में कुछ लोगों को बोरे में बंद एक महिला का शव मिला था। शव की हालत सड़ी-गली थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या के बाद काफी समय तक उसे वहीं फेंक कर रखा गया। शुरुआती जांच में ही पुलिस को हत्या की आशंका थी, जिस पर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी मुहर लगा दी है। पुलिस का मानना है कि पहले महिला का गला घोंटकर हत्या की गई और फिर शव को बोरे में भरकर सुनसान जंगल में फेंक दिया गया, ताकि पहचान न हो सके।
फरवरी में 04 हत्याओं के बाद नई चुनौती
देहरादून में फरवरी के महीने में लगातार चार हत्याओं ने पहले ही कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे। उन मामलों में आरोपी अभी पूरी तरह सलाखों के पीछे भी नहीं पहुंच पाए हैं कि अब यह नया ब्लाइंड मर्डर सामने आ गया है। सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि जहां शव मिला वहां आसपास न तो सीसीटीवी कैमरों की सीधी पहुंच है और न ही कोई प्रत्यक्ष गवाह।
खुलासे के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि इस हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। आसपास के इलाकों में जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।
बस्तियों में भी की जा रही पड़ताल
पुलिस प्रेमनगर क्षेत्र की उन बस्तियों में भी जांच कर रही है जहां बड़ी संख्या में बाहरी लोग रहते हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं किसी इलाके से कोई महिला लापता तो नहीं हुई।
अब पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा
महिला की पहचान के लिए देहरादून पुलिस ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है। पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच है। वह नीले चितकबरे शॉल और लाल साड़ी में थी। उसके बाएं हाथ पर टैटू भी गुदा हुआ था। फिलहाल इस रहस्यमयी हत्याकांड में मृतका की पहचान और हत्यारे तक पहुंचना दून पुलिस के लिए सबसे बड़ी पहेली बना हुआ








