लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही दून की युवती ने लगाई चौथी मंजिल से छलांग, मौत

दिल्ली/एनसीआर।गुरुग्राम में लिव-इन में रह रही देहरादून की युवती ने अपनी बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि उसकी अपने पार्टनर संग अक्सर अनबन होती थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
गुरुग्राम में किराये पर साथी के रह रही थी लड़की
मृतका की पहचान मनमीत कौर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से देहरादून की रहने वाली थी। वह पिछले कुछ महीनों से गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 इलाके में अपने साथी के साथ किराये के मकान में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह दिसंबर 2025 से यहां रह रही थी और एक निजी कंपनी में काम करती थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती और उसके साथी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। मंगलवार शाम भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान युवती ने कथित तौर पर इमारत की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।
युवक पर युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
घटना के बाद उसे गंभीर हालत में नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिवार वालों ने युवक पर युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यदि परिजनों की ओर से औपचारिक शिकायत दी जाती है तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








