उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी बोलेरो, मां-बेटी समेत तीन की मौत
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर हरड़ा के पास एक बोलेरो मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक की मौत हो गई। तीनों हरड़ा गांव के निवासी थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
भाई दूज मनाकर लौट रही थीं मां-बेटी
जानकारी के अनुसार, मां-बेटी भाई दूज मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान हरड़ा के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो गहरी खाई में जा गिरी। रात में हादसे की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी।
सुबह राहगीरों ने दी हादसे की सूचना
गुरुवार सुबह राहगीरों ने सड़क से नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त वाहन देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सुबह करीब नौ बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
गहरी खाई में रेस्क्यू अभियान जारी
खाई करीब 400 मीटर गहरी होने के कारण राहत एवं बचाव टीम को शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बेटी और चालक की मौत से हरड़ा गांव में शोक का माहौल है।







