उत्तराखंड में देर रात बड़ा फेरबदल, 10 IAS और 20 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों में CDO भी बदले

0
1

देहरादून।विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 30 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। 11 नवंबर को कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 की ओर से जारी आदेश में जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ), अपर जिलाधिकारियों (एडीएम), नगर आयुक्तों और विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
इस फेरबदल में देहरादून, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चमोली, उत्तरकाशी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल समेत कई जिलों के प्रशासनिक पद प्रभावित हुए हैं।

तबादला सूची के अनुसार, आईएएस निधि यादव से पंचायती राज निदेशक का कार्यभार हटा लिया गया है। देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह को अपर सचिव पर्यटन तथा अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पर्यटन विकास परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। पिथौरागढ़ के मुख्य विकास अधिकारी दीपक सैनी को देहरादून का सीडीओ बनाया गया है। देहरादून में अपर निदेशक शहरी विकास के पद पर तैनात प्रवीण कुमार को पिथौरागढ़ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। प्रतीक्षारत अनामिका को अल्मोड़ा का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।

चमोली के मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी को पंचायती राज निदेशालय का निदेशक बनाया गया है। अल्मोड़ा के सीडीओ रामजी शरण शर्मा को अपर निदेशक, सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (आईटीडीए) देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तरकाशी के सीडीओ जय भारत सिंह को अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय बनाया गया है।

संयुक्त मजिस्ट्रेट स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। उधमसिंह नगर में तैनात संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल को नगर आयुक्त हल्द्वानी बनाया गया है। ऋषिकेश में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ को चमोली का सीडीओ तथा देहरादून में तैनात राहुल आनंद को उत्तरकाशी का सीडीओ बनाया गया है। पौड़ी की संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात को रुड़की और रानीखेत की संयुक्त मजिस्ट्रेट दीप्ति जोशी को काशीपुर भेजा गया है।

प्रशासनिक फेरबदल में अपर जिलाधिकारी स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। कुमाऊं मंडल में अपर आयुक्त रहे जीवन सिंह नगन्याल को गन्ना-चीनी आयुक्त, काशीपुर तथा ऊधमसिंह नगर स्थित शुगर मिल, किच्छा के प्रधान प्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गन्ना-चीनी आयुक्त और शुगर मिल किच्छा के प्रधान प्रबंधक रहे त्रिलोक सिंह मर्तोलिया को अपर आयुक्त, कुमाऊं मंडल बनाया गया है।

ऊधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश को गन्ना-चीनी आयुक्त तथा शुगर मिल किच्छा के प्रधान प्रबंधक की जिम्मेदारी दी गई है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल) ऊधमसिंह नगर रहे पंकज कुमार उपाध्याय को हरिद्वार में अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला बनाया गया है। कौस्तुभ मिश्रा को मंडी परिषद, रुद्रपुर में उप निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।

देहरादून में अपर जिलाधिकारी और विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी रहीं स्मृता परमार को नगर आयुक्त रुड़की बनाया गया है। हरिद्वार के एडीएम (प्रशासन) जितेंद्र कुमार को देहरादून में अपर जिलाधिकारी तथा विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (काला) की जिम्मेदारी दी गई है। देहरादून के डिप्टी कलेक्टर विनोद कुमार को ऊधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। उन्हें जिला विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

हरिद्वार में अपर मेलाधिकारी रहे पंकज कुमार उपाध्याय को भी प्रशासनिक जिम्मेदारी में बदलाव के तहत कुंभ मेला से संबंधित नई तैनाती दी गई है। नगर निकायों में भी बड़ा फेरबदल हुआ है। हल्द्वानी के नगर आयुक्त परितोष वर्मा को काशीपुर का नगर आयुक्त बनाया गया है। काशीपुर के नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट को अपर जिलाधिकारी, बागेश्वर भेजा गया है। रुड़की के नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल को कुंभ मेला हरिद्वार में उप मेलाधिकारी बनाया गया है। पौड़ी की डिप्टी कलेक्टर नुपुर वर्मा को नगर आयुक्त, रुद्रपुर तथा टिहरी के डिप्टी कलेक्टर कमलेश मेहता को अपर जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग बनाया गया है।

इसके अलावा, बागेश्वर के अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल को चमोली, चमोली के अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा को देहरादून नगर निगम में अपर नगर आयुक्त तथा ऊधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी रहीं कस्तुभम मिश्रा को मंडी परिषद रुद्रपुर में उप निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। अपर जिलाधिकारी हरिद्वार के पद पर तैनात अधिकारियों के साथ भी बदलाव किए गए हैं।

Enews24x7 Team