आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही सरकार: हरक सिंह रावत

0
2
  • कांग्रेस ने आउटसोर्स कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के धरने को दिया समर्थन, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

देहरादून।पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने प्रदेश सरकार पर आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

सोमवार को उन्होंने परेड ग्राउंड स्थित आउटसोर्स कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनरत कर्मचारियों को कांग्रेस की ओर से समर्थन दिया। धरनारत कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में आउटसोर्स कर्मचारी नियमित कर्मचारियों के समान ही मेहनत और जिम्मेदारी के साथ काम कर रहे हैं। दिन-रात अपना खून-पसीना बहाकर विभागीय व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने में योगदान देने के बावजूद उन्हें वह सम्मान और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिनके वे हकदार हैं। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों का भी परिवार है और उनके बच्चों की शिक्षा सहित कई जिम्मेदारियां हैं। लगातार महंगी होती शिक्षा और बढ़ती महंगाई के दौर में सीमित वेतन पाने वाले कर्मचारियों के लिए परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है।

सरकार को उनकी आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों को समझते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। डॉ. रावत ने हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में उपनल कर्मचारियों के आंदोलन को भी कांग्रेस लगातार समर्थन देती रही है। विपक्ष और कर्मचारियों के दबाव के बाद सरकार ने उनकी कुछ मांगों पर निर्णय लिया, लेकिन अभी भी उनकी समस्याओं का पूर्ण समाधान नहीं हुआ है।

इस दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री विनोद चौहान, वरिष्ठ नेता विजय चौहान, दीप बोरा और संजय कनौजिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे

Enews24x7 Team