चकराता में नाबालिगों से यौन अपराध के दो मामले, पांच दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं

- पॉक्सो एक्ट में दर्ज हैं दोनों मुकदमे, पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
चकराता।कोतवाली चकराता क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं से जुड़े यौन अपराध के दो मामले सामने आने के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज हुए पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों मामलों में बीते बुधवार देर रात मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें एक मामले में नाबालिग बालिकाओं के साथ यौन अपराध के प्रयास का आरोप लगाते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे मामले में एक नाबालिग छात्रा के यौन शोषण के आरोप में पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दोनों मामले नाबालिगों की सुरक्षा से जुड़े होने के कारण संवेदनशील माने जा रहे हैं। इसके बावजूद मुकदमा दर्ज होने के पांच दिन बाद तक गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में कोतवाली चकराता के वरिष्ठ उपनिरीक्षक किशन कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि दोनों मामलों की विवेचना महिला अधिकारी द्वारा की जा रही है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी संबंधित विवेचक ही दे सकती हैं। फिलहाल क्षेत्रवासियों की नजर पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर होने वाली आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।







