अंकिता भंडारी हत्याकांड: माता-पिता ने सरकार को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, कहा-‘पूरे देश में होगा आंदोलन’

देहरादून।अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग कर रहे उनके माता-पिता बीते दिन बुधवार को इंडिया गेट पर प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे। उनके समर्थन में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेता भी वहां मौजूद थे। पुलिस ने गुरुवार सुबह इंडिया गेट से करीब 3:45 बजे अंकिता के माता-पिता को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि दो घंटे बाद उन्हें रिहा भी कर दिया गया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और अन्य कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया ।
अंकिता भंडारी के माता-पिता हिरासत में
दरअसल अंकिता का परिवार इस मामले में लगातार दुष्यंत कुमार गौतम की भूमिका पर सवाल उठा रहा है। हाल ही में दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया। इसी विरोध में अंकिता के माता पिता इंडिया गेट पर धरने पर बैठे है।
एक दिन पहले राहुल-प्रियंका गांधी भी पहुंचे
उनके समर्थन में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी अंकिता के परिवार के साथ धरने पर पहुंचे थे। दोनों करीब एक घंटा वहां रुके। राहुल गांधी ने इस दौरान अंकिता के पिता के कंधे पर हाथ रखा और उनसे बातचीत की। प्रियंका ने भी अंकिता की मां को संभाला उन्हें गले लगाया और पानी पिलाया।
पिता बोले- दुष्यंत की नियुक्ति रद्द नहीं हुई तो फिर धरना देंगे
दिल्ली पुलिस ने अंकिता भंडारी के पिता को हिरासत में लिया। उसपर उन्होंने कहा, “अगर मेरी बेटी को इंसाफ नहीं मिला, तो पूरे देश में प्रदर्शन होंगे। हमारी सबसे पहली मांग है कि दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द की जाए। और अगर नियुक्ति रद्द नहीं की गई, तो हमें एक बार फिर पूरे देश में सड़कों पर उतरना होगा, और मेरी बेटी को इंसाफ मिलना ही चाहिए।” दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने के लिए अंकिता भंडारी के पिता ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
अंकिता की मां ने कहा- हम भूख हड़ताल पर बैठेंगे
वहीं, हिरासत में लिए जाने के बाद अंकिता की मां ने कहा- “जब तक दुष्यंत गौतम नियुक्ति रद्द नहीं होती है तब तक हम ऐसे ही बैठे रहेंगे। अगर हमें यहां बैठने नहीं देंगे तो हम अपने घर में भूख हड़ताल करेंगे।”






