शिमला से करोड़ों के गहने चोरी मामले में उत्तराखंड आबकारी विभाग के दरोगा समेत चार गिरफ्तार, कैसे खुला राज

0
2

शिमला/उत्तराखंड।शिमला के सबसे बड़े होटल कारोबारियों में से एक रेणु बालजीज के घर हुई करोड़ों की चोरी के मामले में उत्तराखंड के आबकारी विभाग के दरोगा समेत चार कर्मचारियों की गिरफ्तारी की। हिमाचल पुलिस ने बताया कि चोरी की गई संपत्ति की कीमत एक करोड़ से ज्यादा है।

मामला पुलिस थाना सदर शिमला का है। पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को शिकायत मिलने के बाद अभियोग संख्या 117/2026 दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उन्होंने घर में साफ-सफाई के काम के लिए एक युवती को रखा था। शिकायत के मुताबिक 8 सितंबर की सुबह जब शिकायतकर्ता ने अपने कमरे की अलमारियां खुली हुई और सामान बिखरा पाया तो जांच करने पर ज्वेलरी, नकदी सहित अन्य कीमती सामान गायब मिला। चोरी हुई संपत्ति की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई।

उत्तराखंड में ज्वाइंट ऑपरेशन

मामले की जांच के दौरान शिमला पुलिस ने संदिग्धों की तलाश के साथ पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई शुरू की। इसी क्रम में पुलिस थाना सदर शिमला की टीम ने ऊधम सिंह नगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया।

युक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तराखंड के आबकारी विभाग में तैनात दरोगा देवेंद्र कुमार, कांस्टेबल बलजीत सिंह, PRD जवान नईम, कर्मचारी पप्पू लाल के रूप में हुई है।

करीब 80 फीसदी संपत्ति बरामद

पुलिस का कहना है कि अब तक चोरी की गई संपत्ति का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा बरामद किया जा चुका है। बरामदगी में आभूषण और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। पुलिस अब चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी के साथ-साथ घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस के अनुसार मामले की तफ्तीश उन्नत चरण में है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर घटना में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरों, कार्यालयों या अन्य प्रतिष्ठानों में घरेलू सहायकों, नौकरों व कर्मचारियों को नियुक्त करते समय उनकी पहचान की उचित पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं।

Enews24x7 Team