उत्तराखंड : श्रीनगर क्षेत्र में धधक रहे जंगल!

फ़ाइल फोटो
  • अब तक करीब 23.15 हेक्टेयर जंगल चढ़ चुके आग की भेंट 

श्रीनगर। वन प्रभाग की श्रीनगर रेंज में जंगल धधक रहे हैं। डांग, ऐठाणा और गंगादर्शन के जंगल शुक्रवार को भी जलते रहे। श्रीनगर क्षेत्र में अब तक करीब 23.15 हेक्टेयर जंगल आग की भेंट चुका है। वहीं नरेंद्रनगर वन प्रभाग के माणिकनाथ व डांगचौरा क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों में लगी आग को बुझा लिया गया है, लेकिन अभी भी कुछ क्षेत्रों से जलते पेड़ों का धुआं दिखाई दे रहा है। जबकि कीर्तिनगर रेंज में 25.667 हेक्टेयर सिविल भूमि भी आग की भेंट चढ़ चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार श्रीनगर के समीप डांग, ऐठाणा, धोबीघाट व गंगादर्शन मोड़ के जंगलों में दो दिन से आग लगी हुई है। वन क्षेत्राधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि गंगादर्शन बैंड में आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन यहां आग फिर फैल गई। वहीं डांग-ऐठाणा क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात 11 बजे तक कर्मी आग बुझाते रहे। शुक्रवार सुबह से दोबारा आग बुझाना शुरू किया गया। 
देवप्रयाग में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप पहुंची आग को बृहस्पतिवार रात फायर ब्रिगेड की मदद से बुझाया गया। जबकि वेली मोड़ पर खड़ी चट्टान होने से आग बुझाने में मुश्किल हुई। कीर्तिनगर रेंज के सेंद्री, मंगसू चौरास क्षेत्र के समीप जंगल पूरी रात भर चलते रहे। यहां वन विभाग ने शुक्रवार को आग पर काबू पाया।
प्रभागीय वनाधिकारी नरेंद्रनगर डीएस मीणा ने बताया कि जगह-जगह शरारती तत्व आग लगा रहे हैं। शुष्क मौसम होने की वजह से आग तेजी से फैल रही है। उन्होंने जनता से आग लगाने वालों की सूचना देने की अपील की है। एसडीएम कीर्तिनगर आकांक्षा वर्मा ने बताया कि वन विभाग के सहयोग से सिविल क्षेत्र में आग बुझाई जा रही है। कीर्तिनगर क्षेत्र में 25.667 हे. सिविल भूमि आग से प्रभावित हुई है। 
उधर देहरादून से आमवाला तरला इलाके में आग लगने हड़कंप मच गया। सहस्रधारा क्षेत्र के आमवाला तरला में शुक्रवार की शाम आबादी से सटे जंगल में आग लग गई। लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। जानकारी मिलते ही दमकलकर्मी भी आग बुझाने वाली गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। काफी जद्दोजहद के बाद दमकलकर्मियों ने जैसे तैसे तत्काल आग पर काबू पाया। दूसरी ओर आग के संबंध में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को कोई जानकारी ही नहीं दी गई। वन क्षेत्राधिकारी रायपुर राकेश नेगी से जानकारी ली गई तो उन्होंने जंगल में आग लगने की किसी भी घटना की जानकारी होने से इनकार किया। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here