दून में खिली चटक धूप तो बदरी-केदारनाथ धाम में जमी बर्फ की मोटी चादर

देहरादून। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री- यमुनोत्री धाम में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।  बर्फबारी का ये नजारा बेहद दिलकश है। केदारनाथ धाम में आठ फीट तो बदरीनाथ में पांच फीट की मोटी बर्फ जमी है। चारों ओर बर्फ ही बर्फ दिखाई दे रही है।

बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ धाम में पुननिर्माण कार्य फिलहाल रोकने का फैसला किया है।वहीं, शनिवार को देहरादून में चटक धूप खिली है। तो कई पहाड़ी जिलों में अभी भी मौसम खराब बना हुआ है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, छह दिसंबर तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी होगी। शनिवार को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा।

पांच व छह दिसंबर को भी प्रदेश में इसी तरह का मौसम रहेगा। पांच दिसंबर को गढ़वाल मंडल में कुछ जगहों पर बारिश व बर्फबारी होगी। लगातार बादल छाये रहने, बारिश, बर्फबारी के कारण राज्य के ज्यादातर इलाकों में ठंड में इजाफा होगा। विशेषकर सुबह-शाम मौसम में ठंडक बनी रहेगी। दिन के तापमान में कमी आने पर धूप के बावजूद ठंड बढ़ने की संभावना जताई है। प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में दो दिन मौसम खराब रहने के बाद ठंड काफी अधिक बढ़ गई है। ज्यादातर जगहों पर रात को पाला गिर रहा है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में कोहरा रहने से धूप देर से निकल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here