उत्तराखंड : पहाड़ी जिलों में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त

देहरादून। प्रदेश में आज गुरुवार को भी बादलों का कहर जारी है। खासतौर पर पहाड़ी जिलों में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। आज पहली घटना में उत्तरकाशी के नौगांव में एक गौशाला के ऊपर भारी मलबा आ गया है। जिससे कई पशु मर गए हैं और कई घायल हैं।
वहीं दूसरी घटना में टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वांला में आज गुरुवार सुबह मलबा आने से यहां यातायात बंद हो गया था। जिसे सुबह साढ़े दस बजे मलबा हटाकर मार्ग यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया। तीसरी घटना में बड़कोट की यमुनोत्री घाटी में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। उत्तरकाशी जिले में जगह-जगह मलबा और बोल्डर आने से यमुनोत्री हाईवे पर आवाजाही बाधित है। श्रीनगर में चमधार में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग मंगलवार शाम से अवरुद्ध है।
चमोली जनपद में बुधवार देर रात से हो रही बारिश आज गुरुवार की सुबह भी जारी रही। बारिश से अभी भी जिले में 36 सड़कें अवरुद्ध हैं। बदरीनाथ हाईवे नगरासू से देश के अंतिम गांव माणा तक सुचारु है। वहीं हाईवे गुरुवार की सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर लामबगड़ में मलबा आने से बंद हो गया था, जिसे बीआरओ ने बीस मिनट बाद खोल दिया था।
आज सुबह साढ़े सात बजे पागलनाला में भी एक घंटे तक हाईवे बंद रहा। यहां सुबह साढ़े सात बजे मलबा और बोल्डर आने से हाईवे बंद हो गया था, जिसे एनएच की जेसीबी मशीनों के जरिए एक घंटे बाद सुचारू कर लिया गया। जिले में आसमान में बादल छाए हैं और रिमझिम बारिश जारी है। फिलहाल अलकनंदा, नंदाकिनी और पिंडर नदी खतरे निशान से नीचे बह रही हैं।
उत्तरकाशी के नौगांव ब्लॉक में कलोगी गांव के गोठुका तोक में बुधवार रात गोशाला के ऊपर भारी मलबा आ गया। अंदर बंधी दो गाय मलबे में दब कर मर गईं। एक गाय और एक बछिया घायल हो गई है। गौशाला जुधवीर सिंह की है, जो दूध बेच कर अपनी आजीविका चला रहे थे।
टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात खुलने के बाद आज गुरुवार को फिर बंद हो गया। यहां स्वांला पर पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गया। जिस कारण फिलहाल यातायात बंद है। भारतोली में भी अभी मलबा नहीं हट सका है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here