ऊधमसिंहनगर। बीते रविवार की रात किच्छा में ग्राम अजीतपुर के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य के पति गंगाराम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी शांति देवी दो बार क्षेत्र पंचायत सदस्य रही हैं। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी ले लिया है। बताया गया है कि गंगाराम रविवार की रात लगभग 10 बजे घर से अपने ट्रैक्टर खड़े करने वाली हवेली में सोने के लिए आए थे। रात को किसी समय हत्यारों ने उनके गले से सटाकर गोली मार दी। उनके पुत्र राकेश ने बताया कि उनके पिता को गांव के ही एक व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी थी। उनके पिता ने इस प्रकरण में थाना पुलभट्टा पर तहरीर भी दी थी। पुलभट्टा के थानाध्यक्ष विनोद जोशी ने भी पुष्टि करते हुए बताया कि गंगाराम ने तहरीर दी थी। इस मामले में आरोपी व्यक्ति के खिलाफ 20 फरवरी को कार्रवाई भी की गई थी।