उत्तराखंड : इन जिलों में आज बारिश व बर्फबारी के आसार

देहरादून। राजधानी समेत प्रदेश के कई इलाकों में आज रविवार को हल्की बारिश हो सकती है। अधिक ऊंचाई वाले कई क्षेत्रों में बर्फ भी गिर सकती है। मौसम केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले कई क्षेत्रों में बर्फ गिर सकती है। वहीं निचले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हरिद्वार में शनिवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज हुआ। इससे सुबह-शाम ठंडक का अहसास हुआ। फिलहाल अभी बारिश के कोई आसार नहीं हैं। इस महीने आखिर तक पारा गिरने से ठंड अधिक पड़ने लगेगी। मौसम विभाग के ऋतु आलोकशाला के रिचर्स सुपरवाइजर नरेंद्र रावत के मुताबिक नवंबर के दूसरे पखवाड़े से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। पिछले साल आज के दिन न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री और अधिकतम 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।
नवंबर आखिर तक न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री आने का अनुमान है।
उधर पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में सीजन का पहला हिमपात हुआ। हिमपात के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पर्यटकों ने हल्की बर्फबारी का आनंद उठाया। बारिश और बर्फबारी के बाद मुनस्यारी का अधिकतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, खलियाटॉप में सीजन का दूसरा हिमपात हुआ है। यहां एक इंच तक बर्फबारी हुई। 
शनिवार को शाम 3.45 बजे मुनस्यारी में हल्की सी बारिश के बाद बर्फबारी हुई। खलियाटॉप में एक इंच तक बर्फबारी हुई है। उच्च हिमालयी क्षेत्र पंचाचूली, हंसलिंग, नागिनधूरा, छिपलाकेदार, सिदम खान  में सुबह से ही रुक-रुक कर बर्फबारी हुई।बर्फबारी के बाद मुनस्यारी का अधिकतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। निचले इलाकों में भी आसमान में हल्के बादल छाए रहे। रात में मौसम के साफ रहने से पाला पड़ रहा है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here