उत्तराखंड : क्वारंटीन सेंटर में नवविवाहिता से छेड़छाड़ में पुलिसकर्मी बर्खास्त

  • इसी क्वारंटीन सेंटर में नशे में मिले एक अन्य पुलिस कर्मी सुरेश गिरि को किया निलंबित

ऊधमसिंह नगर। जिले के किच्छा नगर में सूरजमल अग्रवाल कॉलेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रविवार सुबह ड्यूटी पर तैनात नशे में धुत एक पुलिसकर्मी ने नवविवाहिता से छेड़छाड़ कर दी। 
एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। आरोपी के खिलाफ पुलभट्टा थाने में दुष्कर्म के प्रयास में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं इसी क्वारंटीन सेंटर में नशे में मिले एक अन्य पुलिस कर्मी सुरेश गिरी को निलंबित किया गया है।
गौरतलब है कि बीते रविवार को इस सेंटर में चार महिलाएं और 38 पुरुष थे। शनिवार को दिल्ली से लौटे एक दंपती को यहां क्वारंटीन किया गया था। दंपती का विवाह चार माह पहले हुआ था। महिला ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी जगदीश नाथ उसके पास आया और बोला कि यह वार्ड पुरुषों का है, लिहाजा उसे महिला वार्ड में जाना होगा।
इस पर महिला दूसरे भवन में चली गई। लेकिन वहां पर कोई नहीं था। आरोप है कि इस दौरान पुलिस कर्मी जगदीश उससे छेड़छाड़ करने लगा और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। विरोध करने पर महिला से मारपीट भी की। महिला किसी तरह वहां से भागकर नीचे आई। सूचना पर महिला के गांव से बड़ी संख्या में लोग क्वारंटीन सेंटर पहुंच गए। एसडीएम ने महिला के बयान लिए।
एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं नशे में मिले एक अन्य पुलिस कर्मी सुरेश गिरि को निलंबित कर दिया गया है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here