उत्तराखंड : पुलिस को चकमा दे उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी अलकनंदा में कूदा

गोपेश्वर। उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी ने पुलिस को चकमा देकर अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान चलाया, लेकिन कैदी का कोई सुराग नहीं मिला। चमोली के पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि आज शनिवार को फिर से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। 
मिली जानकारी के अनुसार नवीन चंद्र पुत्र हरीश लाल निवासी चमोली पॉक्सो के तहत 27 नवंबर वर्ष 2019 से जिला कारागार पुरसाड़ी में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। एक सितंबर वर्ष 2020 में जेल परिसर में सफाई अभियान के दौरान नवीन जेल का ताला तोड़कर भाग गया था। बाद में पुलिस ने 8 सितंबर वर्ष 2020 को उसे गोपेश्वर के समीप देवर-खडोरा गांव से गिरफ्तार किया था।
जेल का ताला तोड़कर भागने के मामले में शुक्रवार को जिला न्यायालय ने नवीन को दो साल की सजा सुनाई, जिसके बाद शाम को लगभग पौने पांच बजे पुलिस अभिरक्षा में उसे पुरसाड़ी जेल लाया जा रहा था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर वह जेल परिसर से अलकनंदा की ओर भाग गया और नवीन ने नदी में छलांग लगा दी।
जेलर प्रमोद कुमार का कहना है कि पुलिस कर्मियों ने कुछ देर तक नदी में उसे बहते देखा। पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान का कहना है कि कैदी नवीन के नदी में छलांग मारने की सूचना पर पुलिस फोर्स और एसडीआरएफ का सर्च अभियान दल मौके पर भेजा गया और नदी किनारे सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आज शनिवार को भी सर्च अभियान जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here