उत्तराखंड में सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खुलेंगी दुकानें

राज्य में आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी

  • प्रदेश में अभी खत्म नहीं होने जा रहा लॉकडाउन, एक जून से शुरू होगा लॉकडाउन-5.0
  • प्रदेश में अभी तक लागू बंदिशों में नए प्रस्तावित लॉकडाउन-5.0 में मिल सकती है कुछ और ढील
  • सरकारी महकमों के कामकाज में और तेजी से लाने की तैयारी, वाहनों की अंतर्जनपदीय आवाजाही में भी मिलेगी छूट

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कोरोना महामारी से बचाव और रोकथाम के संबंध में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें पूरे प्रदेश में बाजार खुलने के समय को सुबह 7 से शाम 7 बजे तक करने का निर्णय लिया गया।
इस संबंध में आज शुक्रवार को शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। जिसमें बताया गया कि आर्थिक गतिविधियां तेज करने को प्रदेश में शुक्रवार से दुकानें खोलने की समय सीमा सुबह सात बजे से शाम सात बजे तय कर दी गई है। हालांकि प्रदेश में लॉकडाउन अभी खत्म नहीं होने जा रहा है। 31 मई को लॉकडाउन-चार के पूरा होने के बाद एक जून से लॉकडाउन-5.0 चलेगा।
मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में अभी लागू बंदिशों में नए प्रस्तावित लॉकडाउन में कुछ और ढील मिल सकती है। सरकारी महकमों के कामकाज में और तेजी से लाने की तैयारी है। प्रदेश में वाहनों की अंतर्जनपदीय आवाजाही में भी छूट का दायरा बढ़ाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गुरुवार देर शाम अपने आवास पर कोविड-19 महामारी के संबंध में शासन के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की थी। जिसमें बाजार खुलने का समय शुक्रवार से सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक करने का निर्णय लिया गया। अभी तक दुकानें सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक खुल रही थीं। लॉकडाउन-4.0 में ही राज्य को दुकानें सुबह सात से शाम सात बजे तक खोलने का विकल्प केंद्र सरकार ने दिया था। त्रिवेंद्र सरकार ने लॉकडाउन-4.0 खत्म होने से महज तीन दिन पहले यह फैसला लिया है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here