आखिरकार देवाल तहसील को मिल गया स्थायी नायब तहसीलदार

थराली से हरेंद्र बिष्ट।
लम्बे इंतजार के बाद आखिरकार देवाल तहसील के लिए प्रशासन ने स्थायी नायब तहसीलदार की नियुक्ति कर दी हैं। जिस पर देवाल क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
दरअसल 2016 में सरकार ने देवाल विकास खंड को अलग तहसील का दर्जा देने का शासनादेश जारी किया था। किंतु अब तक अधिकारियों की तैनाती न होने के कारण इस तहसील का विधिवत संचालन शुरू नही हो पाया था। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं जनता की मांग पर पिछले वर्ष दिसंबर माह में देवाल में आयोजित तहसील दिवस के मौके पर जिले के मुख्य विकास अधिकारी हंसा दत्त पांडे एवं निवर्तमान अपर जिलाधिकारी मोहन सिंह बर्नियां ने देवाल तहसील का उद्घाटन करते हुए जल्द सक्षम अधिकारी की नियुक्ति की घोषणा की थी। विगत दिवस प्रशासन ने नायब तहसीलदार सुदर्शन सिंह बुटोला को देवाल स्थानांतरित कर दिया है। अब देवाल तहसील से आम जनता के आवश्यक तहसील स्तरीय कामों के होने की आशाएं  बढ़ गई हैं। इस संबंध में देवाल के ब्लाक प्रमुख दर्शन दानू ने नायब तहसीलदार की नियुक्ति पर मुख्ममंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, थराली विधायक मुन्नी देवी शाह के साथ ही जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया का विशेष आभार जताते हुए कहा कि इससे देवाल क्षेत्र की जनता को भारी लाभ मिलना तय है। साथ ही उन्होंने आशा जताई कि इस तहसील में अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती हो जाएगी। इसके लिए वह जनता के सहयोग से लगातार प्रयास भी करते रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here