दून : दिन में केवल पांच घंटे ड्यूटी करेंगे पुलिस के जवान

दोहरे मोर्चे पर लड़ रहे लड़ाई

  • पुलिस कर्मियों को बढ़ती गर्मी और धूप से बचाने के लिए लिया गया यह फैसला
  • शाम और रात की ड्यूटी टाइम में होगी बढ़ोतरी, ऐसे ही बदलता रहेगा ड्यूटी चक्र  
  • डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने कहा, पुलिस कर्मियों की सुरक्षा भी प्राथमिकता है।

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते एक ओर जहां लॉकडाउन का पालन कराने के लिये मुस्तैद है, वहीं उसे अपने आपको भी संक्रमण से बचाना है। इस तरह दो मोर्चों पर लड़ाई लड़ रहे पुलिस कर्मियों को डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने राहत दी है। यहां पुलिस कर्मी अब दिन में सड़क पर पांच घंटे से ज्यादा ड्यूटी नहीं करेंगे। डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने पुलिस कर्मियों को बढ़ती गर्मी और धूप से बचाने के लिए यह फैसला लिया है। इसके विपरीत शाम और रात की ड्यूटी में इजाफा किया जाएगा। ऐसे ही ड्यूटी चक्र बदलता रहेगा। डीआईजी का कहना है कि पुलिस कर्मियों की सुरक्षा भी प्राथमिकता है।
एक-दो दिन में नई व्यवस्था लागू कराने की तैयारी है। लॉकडाउन लागू होने के बाद से पुलिस की ड्यूटी टाइम में इजाफा हुआ है। दूसरा संक्रमण के खतरे को देखते हुए वो अपने परिवार से भी दूरी बनाए हुए हैं। इस क्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक अरुण मोहन जोशी ने एसपी क्राइम लोकजीत सिंह को पुलिस के ड्यूटी शेड्यूल में बदलाव कर दिन की ड्यूटी कम करने के निर्देश दिए थे।
डीआईजी जोशी का कहना था कि गर्मी बढऩे के कारण सड़क पर पुलिस पिकेट पर पांच घंटे से ज्यादा ड्यूटी ना ली जाए। ताकि कड़ी धूप की मार से उन्हें बचाया जा सके। डीआईजी ने बताया कि पुलिस कोरोना की इस लड़ाई में अब तीन के बजाए चार शिफ्ट में ड्यूटी करेगी। दिन की पिकेट ड्यूटी आठ के बजाए पांच घंटे की होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here