महाराज पॉजिटिव निकले तो पूरा मंत्रिमंडल होगा क्वारंटाइन!

कैबिनेट पर आई आफत

  • सतपाल महाराज की पत्नी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से मचा हड़कंप
  • शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक में भी मौजूद थे कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज

देहरादून। कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर काफी सतर्क रहने वाले कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के घर तक कोरोना संक्रमण आखिरकार पहुंच ही गया। बीते शनिवार को देहरादून के एक निजी लैब में उनकी पत्नी अमृता रावत में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब अगर राज का सैंपल भी पॉजिटिव निकला तो पूरे मंत्रिमंडल को क्वारंटाइन होना पड़ेगा क्योंकि शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में महाराज भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में जब कोरोना संक्रमण का पहला मामला सामने आया था तो सतपाल महाराज ही एकमात्र ऐसे मंत्री थे, जो कैबिनेट में संक्रमण से बचने के लिए मास्क पहनकर गए थे। इस पर सहयोगी मंत्रियों ने मजाक भी किया था।
गौरतलब है कि 23 मई को अपने आवास पर उन्होंने प्रदेश के लोक कलाकारों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में बाकायदा संक्रमण से बचाव के लिए फेस ग्लास पहना था। इतनी एहतियात बरतने के बावजूद कोरोना वायरस संक्रमण उनके घर तक पहुंच गया।
शनिवार को उनकी पत्नी में कोरोना संक्रमण पाया गया। इससे पूरे स्वास्थ्य विभाग भी हड़कंप मचा हुआ है। स्टाफ व अन्य लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की गाइड लाइन के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की टीम महाराज का सैंपल जांच के लिए भेजेगी। यदि जांच में महाराज का सैंपल पॉजिटिव आता है तो मंत्रिमंडल भी क्वारंटाइन किया जाएगा।
बीते शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में महाराज की अन्य मंत्रियों और अधिकारियों से मुलाकात भी हुई थी। पिछले एक सप्ताह में महाराज और उनके स्टाफ से मिलने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। इस बीच महाराज कर्जन रोड स्थित अपने आवास पर रहे, लेकिन उनसे लोग मिलने आते थे। कुछ दिन पहले ही दिल्ली आश्रम से तीन लोग उनके आवास स्थित कार्यालय में आए थे। प्रशासन ने उन तीन लोगों को वहीं पर क्वारंटाइन कर दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here