आपदा प्रभावित क्षेत्रों का आज हवाई सर्वेक्षण करेंगे शाह

देहरादून। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार देर रात उत्तराखंड पहुंचे। अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते अमित शाह रात करीब 11:45 पर देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर उतरे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केन्द्रीय मंत्री अजय भट्ट और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने गृहमंत्री अमित शाह का स्वागत किया।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का गुरुवार सुबह हवाई सर्वेक्षण कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत और मुख्य सचिव एसएस संधू भी मौजूद रहे। अमित शाह आपदा प्रभावित स्थानों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद शाह राज्य अतिथि गृह पर अधिकारियों की बैठक ले रहे हैं। बैठक में मुख्यमंत्री समेत तमाम आला अधिकारी मौजूद हैं। उत्तराखंड में दो दिन की अतिवृष्टि से भारी तबाही मची है। प्रदेश में दो दिन हुई बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। आलम यह है कि इस साल पूरे मानसून सीजन के दौरान बारिश, भूस्खलन से कुल 36 लोगों की जान गई थी।

वहीं मंगलवार-बुधवार की बारिश और भूस्खलन में 58 लोगों की जान चली गई। बारिश से सबसे ज्यादा नुकासन कुमाऊं मंडल के क्षेत्रों में हुआ है, जिसमे सबसे ज्यादा 52 लोगों ने अपनी जान गवांई है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने फोन पर प्रदेश में बारिश के बाद राहत कार्यों का जायजा लिया।

उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और संगठन के कार्यकर्ताओं को आपदा प्रभावितों की मदद में जुटने का आह्वान किया। साथ ही कुमाऊं मंडल में जिलाध्यक्ष व पार्टी संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को तत्काल टीमें बनाकर प्रभावित स्थलों पर पहुंचकर लोगों की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राशन किट, कपड़े और जरूरी सामान जरूरतमंदों को मुहैया कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here