…तो चौबट्टाखाल में भिड़ेंगे ये दो दिग्गज रावत!

  • पौड़ी जिले की इस विधानसभा सीट से भाजपा के हैवीवेट नेता महाराज के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर सकते हैं हरक

देहरादून। अब एक नई खबर चर्चाओं में तैर रही है कि  हरक सिंह रावत को कांग्रेस पार्टी पौड़ी जिले की चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से भाजपा के हैवीवेट नेता सतपाल महाराज के खिलाफ चुनाव मैदान में उतार सकती है। इस संबंध पार्टी की ओर से उनकी राय पूछी गई है। हरक ने इसकी पुष्टि की है।इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तराखंड में एक परिवार एक टिकट का फार्मूला लागू किया है। हालांकि भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य को इससे बाहर रखा गया है। हरक सिंह के मामले में कहा जा रहा था कि उन्हें भी इसी शर्त के साथ पार्टी में एंट्री दी गई है, लेकिन अब नई खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने इस बारे में हरक सिंह रावत की राय पूछी है। संपर्क करने पर हरक सिंह रावत ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने इस बारे में उनके राय मशविरा किया है।हरक ने कहा कि वैसे तो वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं, लेकिन अगर पार्टी कहेगी तो वह किसी भी सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने भाजपा में रहते हुए वरिष्ठ नेता अमित शाह से भी यही बात कही थी कि वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। उन्हें 15 से 20 सीटों की जिम्मेदारी सौंपी जाए, वह बेहतर परिणाम पार्टी को देंगे। हरक ने कहा कि इस बारे में पार्टी प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव से भी उनकी बातचीत हुई है। उन्होंने मेरा उपयोग पूरे राज्य में करने की बात कही है।हरक ने कहा वह कांग्रेस के लिए समर्पित भाव से काम करेंगे। पार्टी जैसा भी आदेश करेगी, वह उसका पालन करेंगे। गौरतलब है कि भाजपा में रहते हुए हरक तीन सीटों पर टिकट मांग रहे थे। जिसे पार्टी ने स्वीकार नहीं किया। लैंसडौन, केदारनाथ, डोईवाला वे संभावित सीटें थीं। अब अचानक कांग्रेस ने उनके सामने चौबट्टाखाल का ऑफर रख दिया है। हालांकि अभी इस बारे में पार्टी के शीर्ष नेता हरीश रावत का कोई बयान सामने नहीं आया है।  चौबट्टाखाल सीट से यदि कांग्रेस हरक को मैदान में उतारती है तो यह भी हॉट सीट की श्रेणी में आ जाएगी। हरक का राजनीतिक इतिहास भी सीटें बदलकर चुनाव लड़ने का रहा है। वर्ष 2017 के चुनाव में चौबट्टाखाल सीट पर भाजपा के सतपाल महाराज ने कांग्रेस के राजपाल सिंह बिष्ट को सात हजार से अधिक मतों से हराया था। महाराज को कुल 20 हजार 931 मत प्राप्त हुए थे, जबकि राजपाल को 13 हजार 567 मत प्राप्त हुए थे। खास बात यह है कि इस सीट पर बीते चुनाव में 15 दावेदारों ने किस्मत आजमाई थी। इनमें से 11 प्रत्याशी तो तिहाई के अंक पर ही बमुश्किल पहुंच पाए थे। अब अगर इस सीट पर दो दिग्गज आमने-सामने होते हैं तो मुकाबले के रोचक होने के आसार हैं। इस बारे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि इस बारे में पार्टी हाईकमान के स्तर से बात हुई है। लेकिन अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। एक-दो दिन में सारी बातें स्पष्ट हो जाएंगी। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here