उत्तराखंड : प्रवासी को गोली से उड़ाया, पुलिस कह रही-गलती से चली गोली

  • मूनाकोट के मझेड़ा गांव की घटना, आरोपी हिरासत में

पिथौरागढ़/झूलाघाट। पिथौरागढ़ में मूनाकोट विकासखंड के मझेड़ा गांव में बीते सोमवार की शाम तीन दिन पहले क्वारंटीन से घर आए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राजस्व पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और दावा किया है कि गोली गलती से चली है। युवक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। 
घटनाक्रम के अनुसा सोमवार शाम मझेड़ा गांव निवासी 30 वर्षीय कैलाश चंद पुत्र महेश चंद अपनी मां विमला देवी के साथ घर के बरामदे में बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान गांव का ही 25 वर्षीय युवक विनोद चंद बंदूक को लोड कर शिकार करने के लिए जंगल जा रहा था। उसने अचानक गोली चला दी जो कैलाश के सीने में जाकर लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े और घायल अवस्था में कैलाश चंद को सड़क तक लेकर आए। यहां से 108 एंबुलेंस की मदद से उनको जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां वरिष्ठ सर्जन डॉ. एलएस बोरा ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजस्व पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। राजस्व उपनिरीक्षक मनोज कुमार मेहता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उनके साथ गांव गई टीम में भरत मेहता, ऋषेंद्र सामंत, राजेंद्र बथियाल भी थे। 
गौरतलब है कि कैलाश कोरोना के कहर के बाद कुछ दिन पहले ही दिल्ली से आया था। वह 14 दिन का संस्थागत क्वारंटाइन पूरा करने बाद तीन दिन पहले ही घर पहुंचा था।कैलाश के परिवार में उसकी पत्नी और ढाई साल की बेटी के अलावा माता-पिता और एक छोटा भाई है। इस हादसे के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। 
राजस्व उपनिरीक्षक मनोज कुमार मेहता ने बताया कि अभी तक ये पता नहीं चल सका है कि बंदूक किसक नाम पर है। उन्होंने बताया कि बंदूक काफी पुरानी है। लोगों से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। 
मझेड़ा गांव में हत्या का आरोपी युवक विनोद चंद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। राजस्व पुलिस ने दावा किया कि आरोपी युवक ने गलती से गोली चलने की बात कबूल की है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here