देहरादून। उत्तराखंड में 2022 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। पुराने कांग्रेसी नेता और भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य आखिरकार घर लौट आए हैं। साथ ही यशपाल आर्य के बेटे, नैनीताल विधायक संजीव आर्य भी कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं। वे दिल्ली में आयोजित एक समारोह में कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं। गौरतलब हो कि यशपाल आर्य के अलावा उनके बेटे संजीव आर्य वर्ष 2017 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में कुछ ही महीनों का वक्त रह गया है। ऐसे में भाजपा को कांग्रेस ने बड़ा झटका दिया है। कैबिनेट मंत्री एवं बाजपुर से विधायक यशपाल आर्य ने ठीक चुनाव से पहले फिर से कांग्रेस का दामन थाम लिया है। आर्य आज 10 बजे सोनिया गांधी से मिले और अब वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पहुंच गए हैं। माना जा रहा है कि आर्य का सरकार के साथ कुछ बातों को लेकर जबरदस्त टकराव चल रहा था जिसके चलते उन्होंने फिर से कांग्रेस का दामन थामने में ही अपनी भलाई समझी। दिल्ली में संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल यशपाल और संजीव आर्य को कांग्रेस की सदस्यता दिलाएंगे। इस दौरान उत्तराखंड में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह पंवार समेत कई नेता मौजूद हैं।