उत्तराखंड : मंत्री के सामने भिड़े भाजपा विधायक और कार्यकर्ता!

देहरादून। यहां रायपुर विधान सभा क्षेत्र में भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ और उन्हीं की पार्टी के कार्यकर्ताओं के एक खेमे में चल रही रार फिर खुलकर सामने आ गई है।
यह सब मालदेवता में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से पहले हुआ। इस दौरान भाजपा विधायक और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हुआ यूं कि मालदेवता (रायपुर) में डिग्री कॉलेज के भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में धामी के पहुंचने से कुछ देर पहले विधायक उमेश शर्मा काऊ की भाजपा कार्यकर्ताओं से जोरदार बहस हो गई। विधायक ने कुछ कार्यकर्ताओं को औकात में रहने की बात तक कह डाली। यह सारा वाकया उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के सामने हुआ।    
गुस्साए विधायक काऊ ने कार्यक्रम को छोड़ने तक की धमकी दे दी। भाजपा विधायक ने जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह और उनके साथ मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं को कहा कि उन्हें यहां किसने बुलाया है। जब वह उन्हें अपना विधायक मानते ही नहीं तो कार्यक्रम में आने की क्या जरूरत है। विधायक उमेश शर्मा काऊ ने वीर सिंह रावत और उनके समर्थकों पर क्षेत्र में लगे उनके पोस्टर बैनर फाड़ने का भी आरोप लगाया।
इस घटना पर जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह ने कहा कि विधायक को मर्यादा में रहना चाहिए। वह जिस तरह से अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं वह बहुत ही गलत है। विधायक उमेश काऊ ने मंत्री धन सिंह रावत से शिकायत करते हुए कहा कि ये मुझे अपना विधायक नहीं मानते हैं और इस क्षेत्र में जो भी पोस्टर लगते हैं उनको यह फाड़ देते हैं। इस घटना से भाजपा में खेमेबंदी खुलकर सामने आ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here