…तो यशपाल आर्य होंगे कांग्रेस का सीएम चेहरा!

  • अब नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने दिया इसका संकेत, कहा- यदि आर्य सीएम बनते भी हैं तो इसमें क्या हर्ज

देहरादून। उत्तराखंड में दल-बदल की राजनीति क बीच नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने आज मंगलवार को देहरादून में कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही उन्होंने संकेत दिये कि पंजाब की तर्ज पर उत्तराखंड में भी कांग्रेस का अगला सीएम दलित वर्ग से हो सकता है।
इसके साथ ही यशपाल आर्य के कांग्रेस में शामिल होने पर प्रीतम सिंह ने कहा कि यशपाल आर्य मूल रूप से कांग्रेसी रहे हैं। वर्ष 2017 में किन्हीं कारणों से भाजपा में चले गए थे, लेकिन अब वह अपने घर वापस आ गए हैं। वर्ष 2022 में कांग्रेस चुनाव जीतने जा रही है। मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला विधायक और हाईकमान करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि यशपाल आर्य मुख्यमंत्री बनते भी हैं तो इसमें क्या हर्ज है।
उनके इस बयान से उन कयासों को हवा मिली है जब हरीश रावत ने पंजाब में चन्नी के मुख्यमंत्री बनने पर कहा था कि उत्तराखंड में भी अगला सीएम दलित वर्ग से बन सकता है। हालांकि तब नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह समेत कई कांग्रेस नेताओं ने उनके इस बयान को कई तरह की प्रतिक्रियाएं दी थीं, लेकिन अब प्रीतम सिंह के इस बयान से कई निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। कई सियासतदां लोगों का कहना है कि यशपाल आर्य के कांग्रेस वापसी के पीछे यह एक अहम वजह भी हो सकती है। हालांकि राजनीति में कब क्या हो जाए, यह पहले से मान लेना बहुत मुश्किल है।    
प्रेसवार्ता में प्रीतम ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को ‘नाइट वॉचमैन’ बताया। उन्होंने कहा कि वह सबसे कमजोर खिलाड़ी हैं। भाजपा सरकार ने 100 दिन में लोकायुक्त लाने का दावा किया गया था, लेकिन सरकार उसको पूरा करने में विफल साबित हुई है। महाकुंभ के दौरान कोरोना जांच रिपोर्ट में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा सामने आया। भाजपा सरकार ने जनता पर दोहरी मार डालने का काम किया है। वहीं भू-कानून पर सरकार अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं ले पाई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार की ऐसी कार्यप्रणाली से यह साफ है कि 2022 में भाजपा जाएगी और कांग्रेस की सरकार आएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here