उत्तराखंड : आप में शामिल हुए कर्नल अजय कोठियाल

देहरादून। उत्तराखंड में 2013 की आपदा के बाद केदारनाथ पुनर्निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल ने आज सोमवार को आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।
हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में ‘मिशन उत्तराखंड नवनिर्माण’ कार्यक्रम के तहत कर्नल कोठियाल आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। आप के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया और प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर के नेतृत्व में आप कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आप पार्टी ने दिल्ली में बेहतर काम किया है। बेरोजगारी और हेल्थ सेक्टर में पार्टी उत्तराखंड में भी मजबूती से काम करेगी। पार्टी का मकसद युवाओं को आगे रखकर प्रदेश में विकास करना है। कार्यक्रम को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। साथ ही केजरीवाल 70 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं व लोगों से भी जुड़ेंगे। इस दौरान उत्तराखंड में बदलाव के प्लान का भी ऐलान करेंगे।

सैन्य परिवार बाहुल्य प्रदेश में कर्नल अजय कोठियाल की सैन्य पृष्ठभूमि पार्टी को उत्तराखंड में पैठ जमाने में मदद कर सकती है। बता दें कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक चुनावी रैली में उत्तराखंड में सैनिक धाम को पांचवां धाम घोषित किया था। प्रदेश में पूर्व सैनिकों और सेना से जुड़े परिवारों की खासी संख्या है। इसी को देखते हुए भाजपा ने देहरादून में सैन्यधाम बनाने का ऐलान किया था तो कांग्रेस ने जवानों के सम्मान का अभियान छेड़ा था।
अब प्रदेश में आम आदमी पार्टी भी इसी राह पर चलती हुई दिखाई दे रही है। आप पार्टी ने कर्नल अजय कोठियाल को प्रदेश में प्रमुख चेहरे की तरह पेश किया है।सूत्रों के मुताबिक आप का यह अभियान अब कांग्रेस और भाजपा को परेशान कर सकता है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक उठापटक अब और तेज होने की संभावना है।
गौरतलब है कि सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल दो बार के एवरेस्ट विजेता हैं। एवरेस्ट अभियान का नेतृत्व किया है। केदारनाथ पुनर्निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाई। नंदा देवी राजजात 2014 का संचालन कर चुके हैं और सेना के कई अभियानों को अंजाम दिया। उन्होंने यूथ फाउंडेशन के जरिए युवाओं को जोड़ा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here