सोबन सिहं जीना विवि के कायाकल्प को त्रिवेंद्र ने दिखाई दरियादिली!

अल्मोड़ा/देहरादून। सोबन सिहं जीना विश्वविद्यालय आगमन पर आज गुरुवार को मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत का विश्वविद्यालय परिसर में नागरिक अभिनन्दन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय संसाधनों का प्रयोग कर विकास को गति देने का काम किया जा रहा है। यहां का युवा इनोवेटिव है। विश्वविद्यालय भी बेहतर कार्य कर यहां विकास में अपना योगदान दे सकते हैं। पर्यटन, शिक्षा, फिल्म, एडवेंचर, टूरिज्म आदि पर हमारी सरकार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के उन्नयन के लिए प्रत्येक ब्लॉक में एक महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने विश्वविद्यालय के विविध निर्माण कार्यों के लिए 31.67 करोड़ रुपए के कार्यों की स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने व्यावसायिक पाठ्यक्रम वोकेशनल कोर्स विभाग का भवन बनाने के लिए 4.52 करोड़, प्राकृतिक संसाधन आंकड़ा प्रबंधन केंद्र (एनआरडीएमएस) का भवन निर्माण करने के लिए 5.25 करोड़, योग विज्ञान विभाग का भवन बनाने के लिए 4.30 करोड़, एडवांस सेल एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी की स्थापना हेतु 1.60 करोड और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर हेतु स्वीकृत चार अकादमी पाठ्यक्रमों के लिए भवन निर्माण के लिए 16.00 करोड़ रुपये की घोषणाएं की। इस तरह कुल 31.67 करोड़ की घोषणाएं उनके द्वारा की गई।

उच्च शिक्षामंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बागेश्वर और पिथौरागढ़ महाविद्यालयों को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के परिसर का दर्जा दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि डिजीलाकर के माध्यम से अब विश्वविद्यालय की सभी डिग्रियॉ आनलाईन की जा रही है। कोई भी प्राध्यापक कुमाऊ विश्वविद्यालय के नैनीताल कैम्पस या सोबन सिहं जीना विश्वविद्यालय के अल्मोड़ा, बागेश्वर या पिथौरागढ़ कैम्पस में स्थानान्तरण चाहते है तो उनसे एक माह के भीतर विकल्प प्राप्त करते हुए उनका स्थानान्तरण कर दिया जायेगा। उच्च शिक्षामंत्री ने कहा कि बीएड एवं लॉ संकाय को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अल्मोड़ा परिसर में ही रखा जायेगा।
विशिष्ट अतिथि के रूप में विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ चैहान ने कहा कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के बनने से यह विश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। उत्तराखंड के विकास में मुख्यमंत्री और शिक्षा के क्षेत्र में धन सिंह रावत जी का प्रयास प्रशंसनीय है। उन्होंने इस दौरान कई मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। विशिष्ट अतिथि के रूप में ’महिला कल्याण एवं बाल विकास एवं मत्स्य विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में महिलाओं और बाल विकास के लिए सकारात्मक कार्य किये जा रहे हैं। उत्तराखंड की सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

समारोह के संयोजक और ओएसडी. डॉ. देवेंद्र बिष्ट ने विश्वविद्यालय की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा इस अवसर पर डॉ. नवीन भट्ट द्वारा समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के स्वागत में अभिनंदन पत्र पढ़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जी और शिक्षा मंत्री जी के विशेष प्रयासों से सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा की स्थापना हुई है। यह इस क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। यह विश्वविद्यालय व्यावसायिक शिक्षा, पर्यटन, आयुर्वेद, योग, जनसंचार, पर्यावरण, शोध आदि क्षेत्रों में नवीन कीर्तिमान गढ़ेगा। इसलिए इन सभी क्षेत्रों पर विशेष दृष्टि रखी जायेगी।                
 अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय टम्टा ने कहा कि  विकास को लेकर इस सरकार ने कम समय में बेहतर प्रदर्शन किया है। हर क्षेत्र में उत्तराखंड की सरकार बेहतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. बिपिन चंद्र जोशी ने आभार जताया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वेबसाइट का भी लोकार्पण किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here