चारधाम के यात्रियों को अब जाम से मिलेगी निजात!

  • प्रस्तावित परियोजना के तहत पांच बड़े शहरों के बाहर से यातायात के लिए बनाए जाएंगे बाईपास

देहरादून। चारधाम यात्रियों के लिये एक अच्छी खबर आ रही है। चारधाम परियोजना के तहत पांच शहरों के बाहर से यातायात गुजारने के लिए बाईपास बनाए जाएंगे। इनमें ऋषिकेश, चंपावत, पिथौरागढ़, लोहाघाट और जोशीमठ शामिल हैं। पांचों बाईपास की लंबाई 57.85 किमी होगी। चंपावत बाईपास के लिए डीपीआर तैयार कर केंद्र को भेज दी गई है।
गौरतलब है कि ऋषिकेश, जोशीमठ, चंपावत, पिथौरागढ़ और लोहाघाट में शहर के अंदर की सड़कें संकरी होने के कारण बाईपास का निर्माण प्रस्तावित हैं। पूर्व में ये मामला कोर्ट में पीआईएल दाखिल होने की वजह से अटक गया था। चारधाम परियोजना के तहत जिन हिस्सों में निर्माण कार्यों पर रोक थी, उनमें इन पांचों बाईपास का निर्माण भी शामिल था। अब सुप्रीम कोर्ट से यह रोक हट चुकी है। प्रमुख सचिव लोनिवि आरके सुधांशु ने बताया कि पहले चरण में चंपावत में बनने वाले 9.80 किमी बाईपास निर्माण के लिए शासन की ओर से 285.48 करोड़ रुपये का अनुमानित इस्टीमेट केंद्र को स्वीकृति के लिए भेजा गया है।

शहर            किमी    अनुमानित लागत
ऋषिकेश       17.30      550 करोड़
चंपावत           9.80      285 करोड़  
पिथौरागढ़      14.93     260 करोड़
लोहाघाट          9.47     160 करोड़
जोशीमठ          6.47     200 करोड़  

ऋषिकेश और जोशीमठ में चारधाम यात्रा के दौरान भारी जाम की स्थिति रहती है। बाहर से आने वाले यात्रियों को इन दोनों ही शहरों में घंटों तक जाम से जूझना पड़ता है। जबकि गढ़वाल क्षेत्र में आने वाले हर पर्यटक को ऋषिकेश से होकर ही गुजरना पड़ता है। इस वजह से ऋषिकेश में रोज जाम की स्थिति बनी रहती है। बाईपास बन जाने के बाद यात्री शहर के बाहर ही बाहर निकल जाएंगे। इससे शहर को जाम से मुक्ति मिल जाएगी और यात्रियों को जाम के झाम से मुक्ति मिल जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here