देहरादून। आज गुरुवार को आगामी को लेकर भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। जिसमें 59 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। वहीं इस बार 10 नेताओं के टिकट कटे हैं। उनमें से कुछ ने बगावत कर दी है।
कर्णप्रयाग विधानसभा से टिकट न मिलने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता टीका प्रसाद मैखुरी ने पार्टी के विरोध में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। टिकटों के ऐलान के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर भाजपा पर दगाबाजी का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा है कि मेरे साथ पार्टी ने लगातार धोखा और अन्याय किया है। जिसका प्रतिशोध जनता और मेरे मन में है। मैंने हमेशा पार्टी को अपनी मां के समान समझकर काम किया है। कभी पार्टी से दगाबाजी नहीं की है, लेकिन जिन लोगों ने पार्टी के साथ दगाबाजी की और पार्टी का विरोध किया, उन्हें पार्टी ने आगे किया।
वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व दर्जाधारी जगवीर सिह भंडारी ने यमुनोत्री विधान सभा क्षेत्र से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में निष्ठावान और जमीन से जुडे़ हुए कार्यकर्ताओं के साथ हर बार धोखा किया जाता है। वह यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडे़ंगे। जगवीर भंडारी ने 2012 में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र से भाजपा पार्टी से चुनाव लड़ा था, जिसमें इन्हें 1,26,780 वोट मिले थे।
देवप्रयाग विधानसभा सीट से सीटिंग विधायक विनोद कंडारी का नाम भाजपा प्रत्याशी के तौर पर घोषित होने पर टिकट के दौड़ में आगे माने जा रहे पूर्व प्रमुख मगन सिंह बिष्ट ने तीखी प्रतिक्रिया जताई। उन्होंने टिकट बंटवारे में धन-बल का आरोप लगाते हुए कहा कि वह जन आकांक्षाओं के अनुरूप विधानसभा चुनाव में खड़े होंगे व इसका जवाब देंगे।
पूर्व प्रमुख ने कहा कि पैनल में सबसे ऊपर उनका नाम था। इसके बावजूद पार्टी के कुछ पदाधिकारियों द्वारा सीटिंग विधायक को तरजीह दी गई। टिकट कटने से नाराज पूर्व प्रमुख बिष्ट ने कहा कि अपने चहेतों व रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए विधायक ने सभी सीमाएं पार कर दी हैं। देवप्रयाग सीट पर टिकट की सौदेबाजी हुई है। क्षेत्रीय जनता क्षेत्रीय व्यक्ति का साथ देकर उनको विजय बनाएगी। पार्टी कार्यकर्ताओं की बगावत से भाजपा में अफरातफरी का माहौल है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here