उत्तराखंड : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने की दौड़ में ये हैं सबसे आगे

  • सूत्रों के अनुसार केंद्रीय नेतृत्व पहले ही तय कर चुका है प्रदेश अध्यक्ष का नाम, अब घोषणा सिर्फ औपचारिकता  

देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव आज गुरुवार को यहां पार्टी कार्यालय में होगा। प्रदेश चुनाव अधिकारी बलवंत सिंह भौर्याल ने बीते बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी थी। चुनाव के लिए बनाए गए केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल देहरादून पहुंच गए हैं।
चर्चा है कि वे नये प्रदेश अध्यक्ष के नाम का लिफाफा साथ लेकर आए हैं। उधर पार्टी के सियासी हलकों में गर्म चर्चाओं में वरिष्ठ विधायक बंशीधर भगत का नाम सबसे आगे चल रहा है। क्षेत्रीय और जातीय समीकरण भगत के पक्ष में माने जा रहे हैं। इस बीच पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पूरन चंद शर्मा के भाई कैलाश शर्मा का नाम भी अचानक चर्चा में आ गया। पार्टी के एक खेमे से जुड़े सूत्रों का कहना है कि शर्मा के लिए दौड़ से बाहर हुए दो बड़े नेता लॉबिंग कर रहे हैं।
आरएसएस पृष्ठभूमि के हिसाब से कैलाश पंत, कैलाश जोशी के नाम भी चर्चाओं में रहे हैं। विधायक पुष्कर सिंह धामी और बलराज पासी भी दौड़ से बाहर नहीं माने जा रहे हैं। हालांकि पार्टी के एक बड़े वर्ग का मानना है कि संगठन की कमान किस नेता को सौंपनी है, इसे केंद्रीय नेतृत्व पहले ही तय कर चुका है। प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा अब औपचारिकता भर है। उनका कहना है कि केंद्रीय पर्यवेक्षक नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का लिफाफा साथ लेकर आएंगे और अध्यक्ष की घोषणा कर देंगे।
सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से होने की पूरी संभावनाएं हैं। चुनाव के लिए प्रदेश पार्टी कार्यालय में एक बैठक बुलाई है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन के मुताबिक बैठक में  सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, प्रदेश परिषद के सदस्य भाग लेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here