अजय भट्ट ने अध्यक्ष पद से पल्ला झाड़ा!

सियासत की बिछी शतरंज

  • कहा, फिलहाल वह अपने सांसद के दायित्व से ही संतुष्ट
  • अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के लिये कार्य करने की तमन्ना
  • भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का 16 जनवरी को होगा चुनाव
  • पार्टी क्षेत्रीय व जातीय समीकरण के आधार पर चुनेगी नया कप्तान

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि 15 जनवरी को चुनाव की अधिसूचना जारी हो जाएगी। इसी दिन केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेधवाल देहरादून पहुंचेंगे। उनकी देखरेख में 16 जनवरी को पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा।
भट्ट ने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष को वह अपना पूरा सहयोग देंगे। इस संबंध में अपनी इच्छा से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को उन्होंने अवगत करा दिया है। वह फिलहाल अपने सांसद के दायित्व से ही संतुष्ट हैं। वह अपने संसदीय क्षेत्र की जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए अधिक से अधिक कार्य करना चाहते हैं।
पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने चुनाव कराए जाने को लेकर प्रदेश संगठन को निर्देश जारी कर दिए हैं। अजय भट्ट ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को चुनाव की अधिसूचना जारी हो जाएगी और 16 को भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। गौरतलब है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव दिसंबर महीने में होना था। लेकिन नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में जनजागरण अभियान के चलते पार्टी ने चुनाव टाल दिए। इस बीच केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष के पैनल को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक में संभावित दावेदारों के नामों पर विचार हुआ था। पैनल के नाम केंद्रीय नेतृत्व भेज दिए गए थे।
प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति होने के आसार हैं। पार्टी क्षेत्रीय और जातीय समीकरण के आधार पर नया कप्तान चुनेगी। वर्तमान में प्रदेश सरकार की बागडोर त्रिवेंद्र सिंह रावत के हाथों में है। रावत गढ़वाल से हैं और क्षत्रिय हैं। अब संगठन की कमान कुमाऊं से ब्राह्मण नेता के हाथों सौंपने की संभावना है। इस आधार पर विधायक बंशीधर भगत, कैलाश जोशी, केदार जोशी और कैलाश पंत के नाम चर्चा में हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here