उत्तराखंड : लग गया 40 दिनों का चिल्ला, हाड़ कंपा देने वाली ठंड के लिये रहें तैयार!

देहरादून। भारतीय मौसम गणना क्रम के अनुसार बुधवार से 40 दिन चलने वाला चिल्ला शुरू हो गया है। अब 40 दिनों तक हाड़ कंपा देने वाली ठंड बनी रहेगी। इस दौरान शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा।
चिल्ले का निर्धारण हमारे लोक जगत में पूर्ण मान्य है। यह सूर्य के राशि परिवर्तन के दिनों पर आधारित है। बुधवार पूर्णिमा के दिन सूर्य को धनु राशि में आए पंद्रह दिन पूर्ण हो गए। अब बाद के पंद्रह दिन और मकरस्थ सूर्य के आखिरी 25 दिन मिलाकर 40 दिनों का चिल्ला बनता है। बुधवार से ही गुड़, तिल, खिचड़ी आदि सेवन और दान के दिन भी शुरू हुए हैं। मान्यता है कि चिल्ले के 40 दिन साल के सबसे ठंडे दिन हैं। इन्हीं दिनों में सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण होते हैं। उत्तरायणी पर्व 14 जनवरी को मनाया जाएगा। 
प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में आज गुरुवार को घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत प्रदेश के ज्यादातर मैदानी इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में पाला बढ़ने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की है। साथ ही लोगों को बचाव के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। 
मौसम विभाग की ऋतु आलोकशाला के रिसर्च सुपरवाइजर नरेंद्र रावत ने बताया कि आज गुरुवार को भी न्यूनतम तापमान पांच डिग्री के आसपास रहेगा। आगामी सोमवार को बूंदाबांदी और मंगलवार को हल्की बारिश की संभावना है। एक बार फिर हल्द्वानी का न्यूनतम तापमान मुक्तेश्वर के न्यूनतम तापमान से कम दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दिसंबर के अंतिम सप्ताह में हल्द्वानी का न्यूनतम तापमान पिछले 12 वर्षों में सबसे कम रहा है। वहीं मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 11.5 और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर मौसम विज्ञान केंद्र ने ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here