उत्तराखंड: चारों धामों में दो दिन में 2500 यात्रियों ने किए दर्शन

  • देवस्थानम बोर्ड 42 हजार ई- पास किए जारी
  • हेली सेवा शुरू, हेलीकॉप्टर से आज छह श्रद्धालु पहुंचे बदरीनाथ
  • यमुनोत्री पैदल मार्ग पर शाम 4 से सुबह 6 बजे तक बंद रहेगी आवाजाही

देहरादून। उत्तराखंड के चारों धामों में दर्शन करने के लिए तीर्थ यात्री बहुत उत्सुक दिखाई दे रहे हैं। यात्रा शुरू होने के दो दिन में करीब 42 हजार ई-पास जारी किए जा चुके हैं। केदारनाथ धाम के लिए वीकेंड और नवरात्रों पर दर्शन के लिए बुकिंग फुल हो गई है। दो दिन में चारों धामों में 2500 से अधिक यात्री दर्शन कर चुके हैं। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा के लिए देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की ओर से ई-पास जारी किए जा रहे हैं। चारों धामों के लिए 15 अक्तूबर तक एडवांस बुकिंग कर यात्री ई-पास प्राप्त कर सकते हैं। देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि चारधाम के दर्शन करने के लिए लोगों में काफी उत्साह है। केदारनाथ धाम के लिए वीकेंड और नवरात्रों पर अवकाश के दिनों में एडवांस बुकिंग फुल हो चुकी है। चारधाम यात्रा शुरू होने के दूसरे दिन से बदरीनाथ धाम के लिए हेली सेवा शुरू हो गई है। हेरिटेज एविएशन का पहला हेलीकॉप्टर रविवार को छह श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ धाम पहुंचा। हेरिटेज एविएशन के को-आर्डिनेटर विकास जुगरान ने बताया कि धाम में इस साल का पहला हेलीकॉप्टर रविवार को पहुंचा।
यमुनोत्री पैदल मार्ग पर शाम 4 बजे से सुबह 6 बजे तक आवाजाही बंद रहेगी। यह निर्णय सुरक्षा कारणों से लिया गया है। पुलिस को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए गए हैं। यमुनोत्री धाम के लिए तीर्थयात्रियों को जानकी चट्टी से करीब 6 किमी का पैदल सफर तय करना पड़ता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here