उत्तर प्रदेश में कानपुर के सरकारी बाल संरक्षण गृह में रहने वाली लड़कियों में कोरोना के लक्षण दिख रहे थे। लड़कियों की जांच करानी शुरू की तो संरक्षण गृह में रहने वाली 57 लड़कियों में कोरोनो संक्रमण की पुष्टि हुई। इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमण फैलने से हड़कंप मच गया। यही नहीं, कोरोना जांच के दौरान संरक्षण गृह की सात लड़कियाँ गर्भवती पाई गईं जबकि एक में एचआईवी संक्रमण की पुष्टि हुई है। संरक्षण गृह का एक कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाया गया है।
कानपुर के ज़िलाधिकारी डॉक्टर ब्रह्मदेवराम तिवारी ने बताया, “इस संरक्षण गृह में कुल 57 बालिकाएँ कोविड पॉज़िटिव पाई गई हैं। सात बालिकाएं गर्भवती पाई गईं जिनमें पांच कोरोना संक्रमित भी हैं जबकि दो में कोरोना संक्रमण नहीं है। जो पांच लड़कियां कोविड पॉज़िटिव हैं वो आगरा, एटा, कन्नौज, फ़िरोज़ाबाद और कानपुर नगर की बाल कल्याण समिति के संदर्भ से यहां आई थीं। सभी लड़कियां यहां आने से पहले ही गर्भवती थीं और इसकी पूरी जानकारी प्रशासन के पास मौजूद है।”
प्रशासन ने अब इस बालिका गृह को सील कर दिया है। साथ ही यहां के स्टाफ को क्वारंटाइन कर दिया गया है।