कोरोना : 145 देश चपेट में और 5436 मौतें

मौत फैला रही पंजा

  • कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बाद अमेरिका में नेशनल इमरजेंसी घोषित
  • वायरस के चलते पेरिस स्थित मशहूर लूवर म्यूजियम अनिश्चितकाल के लिए बंद
  • अमेरिका में कोरोना वायरस के अब तक कुल दो हजार केस, 50 लोगों की मौत
  • अमेरिका में समुद्री रास्ते सील, 30 दिन तक किसी विदेशी जहाज के आने पर रोक
  • यूरोप कोरोना वायरस का नया केंद्र बना, फ्रांस में 800 नए मामले सामने आए

वॉशिंगटन। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बाद अमेरिका में नेशनल इमरजेंसी घोषित कर दी। कोरोना के खतरे से निपटने के लिए सभी राज्यों को 50 बिलियन डॉलर (करीब 3.69 लाख करोड़ रुपए) की सहायता को मंजूरी दी है। इस बीच दुनिया में कोरोना वायरस के कुल एक लाख 45 हजार 634 मामले सामने आ चुके हैं। आज शनिवार सुबह तक कुल 5436 लोगों की मौत हो गई।
दूसरी तरफ पत्नी के संक्रमित होने के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भी क्वारैंटाइन हो गए। वह घर से ही काम कर रहे हैं। वहीं एपल ने चीन को छोड़कर बाकी दुनिया से सभी स्टोर 27 मार्च तक बंद करने का ऐलान किया है। ब्रिटेन में एक नवजात भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। अमेरिका में 11 साल बाद हेल्थ इमरजेंसी लगाई गई है। इससे पहले अप्रैल 2009 में स्वाइन फ्लू के चलते बराक ओबामा ने हेल्थ इमरजेंसी का ऐलान किया था। यूरोप कोरोना वायरस का नया केंद्र बन रहा है। फ्रांस में 800 नए मामले सामने आए हैं।
व्हाइट हाउस में शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि वह कोरोना वायरस के लिए टेस्ट कराएंगे। ट्रम्प का बयान शुक्रवार को रिपोर्टर द्वारा सेल्फिश कहे जाने के बाद आया। रिपोर्टर का आरोप था कि ट्रम्प संक्रमित व्यक्ति के साथ थे, लेकिन उन्होंने खुद का टेस्ट नहीं कराया। ट्रम्प ने पिछले हफ्ते अपने फ्लोरिडा स्थित मारा लागो रिजॉर्ट की एक फोटो पोस्ट की थी। इसमें वह ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के संचार प्रमुख फेबिओ वानगार्टन के साथ डिनर कर रहे थे। बाद में वानगार्टन कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं।
ब्रिटेन में एक नवजात शिशु को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। ब्रिटिश अखबार ‘द सन’ ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘एक गर्भवती महिला पिछले हफ्ते निमोनिया टेस्ट कराने लंदन के एक अस्पताल पहुंची। यहीं उसने बच्चे को जन्म दिया। महिला का कोरोना वायरस टेस्ट भी किया गया। यह पॉजिटिव आया। बाद में बच्चे की भी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल मां और बच्चे का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।’ डॉक्टर अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बच्चा गर्भ में ही संक्रमित हुआ या जन्म के बाद वो कोरोना संक्रमण की चपेट में आया।
कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित चीन में भी एक नवजात को फरवरी में संक्रमित पाया गया था। ब्रिटेन में शुक्रवार रात तक संक्रमण के कुल 800 मामले सामने आए। 11 लोगों की मौत हो चुकी है।  
शुक्रवार को कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो की पत्नी सोफी को कोरोनावायरस पॉजिटिव पाया गया। उनका इलाज चल रहा है। जस्टिन घर से ही कामकाज संभाल रहे हैं। इसकी एक तस्वीर उन्होंने ट्विटर पर शेयर की है। उनके बच्चे भी फिलहाल किसी गतिविधि में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। इन्हें भी घर पर ही रहने की सलाह दी गई है। जस्टिन ने ट्विटर पर लिखा, ‘मुझमें कोरोना वायरस का कोई लक्षण नहीं पाया गया। मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं।’
शुक्रवार रात तक अमेरिका में कोरोना वायरस के कुल दो हजार मामले सामने आए। यहां अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है। ट्रम्प ने विदेश अमेरिकी बंदरगाहों पर आने वाले शिप पर रोक लगा दी है। मैक्सिको और दूसरे देशों से लगने वाली सीमाओं पर हाई थर्मल स्कैनर लगाए गए हैं। अमेरिकी सेना की स्पेशल मेडिकल यूनिट को भी हालात पर नजर रखने के लिए अलर्ट पर रहने को कहा गया है।  
ट्रम्प ने कहा कि गूगल से जुड़ी अल्फाबेट कंपनी एक वेबसाइट तैयार कर रही है। इस पर जाकर लोग कोरोना वायरस के लक्षणों संबंधी जानकारी हासिल कर अपनी सेहत के बारे में खुद जान सकेंगे। गूगल ने भी ट्विटर पर इसकी जानकारी दी है। अमेरिका में भारतीय दूतावास ने अपने देश के छात्रों को सलाह दी है कि वो फिलहाल किसी भी गैर जरूरी सफर से परहेज करें। दूतावास ने इसका ऐलान ट्रम्प के अमेरिका में नेशनल इमरजेंसी घोषित किए जाने के बाद किया।  
पाकिस्तान में आज शनिवार सुबह तक 28 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इमरान खान सरकार ने ईरान और अफगानिस्तान की पश्चिमी सीमाएं 2 हफ्ते के लिए सील करने का ऐलान किया। सिंध प्रांत में तो सभी स्कूल और कॉलेज 15 मई तक बंद करने के आदेश दिए गए हैं। ईरान से लौटे कुछ लोगों को क्वॉरन्टाइन किया गया है। शादियों और कॉन्फ्रेंस में लोगों के जुटने पर भी दो हफ्ते की रोक लगा दी गई है। सिनेमा हॉल बंद कर दिए गए हैं जबकि पीएसएल का शेड्यूल छोटा किया गया है। ये मैच भी बिना दर्शकों के होंगे। कराची, इस्लामाबाद और लाहौर के अलावा किसी अन्य हवाई अड्डे से इंटरनेशनल फ्लाइट नहीं जाएंगी।
थाईलैंड में आज शनिवार को कोरोना वायरस के सात नए मामले सामने आए। अब तक कुल 82 लोग पाजिटिव पाए गए हैं। एक मरीज की मौत हो चुकी है। यहां कई बौद्ध मंदिर हैं। इनमें आने वाले सभी श्रद्धालुओं की थर्मल स्कैनर से जांच की जा रही है। थाईलैंड सरकार ने कहा है कि देश में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए तमाम तैयारियां की गई हैं। सभी एयरपोर्ट पर हाईटेक थर्मल स्कैनर और मोबाइल टेस्ट लैब यूनिट तैनात की गई हैं। प्रभावित देशों से आने वाले पर्यटकों की गहन जांच की जा रही है।

संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित 15 देशों का हाल

देश का नाम        मामले        कुल मौत
चीन                   80,824     3,189
इटली                 17,660     1,266
ईरान                   11,364       514
दक्षिण कोरिया        8,086          72
स्पेन                      5,232        133
जर्मनी                    3,675            8
फ्रांस                       3,661          79
अमेरिका                  2,291          50
जापान                     1,430          28
स्विटजरलैंड              1,139          11
भारत                            82            2

नोट: यह आंकड़े आज 14 मार्च शनिवार सुबह तक के हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here